चैंबर चुनाव: पहले दिन तीन टीमों के 42 सदस्यों ने दाखिल किया नामांकन
रांची में फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (एफजेसीसीआई) के 2026-27 कार्यकारिणी समिति चुनाव के लिए सोमवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। पहले दिन 42 नामांकन प्रपत्र प्राप्त हुए। अंतिम तिथि एक सितंबर है, और सभी नामांकनों की स्क्रूटनी के बाद प्रत्याशियों की सूची प्रकाशित की जाएगी।

रांची, वरीय संवाददाता। फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (एफजेसीसीआई) के सत्र 2026-27 की कार्यकारिणी समिति व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर सोमवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। नामांकन के पहले दिन कुल 42 नामांकन प्रपत्र प्राप्त हुए। नामांकन प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि एक सितंबर की शाम चार बजे तक निर्धारित की गई है। इसके बाद प्राप्त सभी प्रपत्रों की स्क्रूटनी की जाएगी और प्रत्याशियों की सूची प्रकाशित की जाएगी। चुनाव पदाधिकारी अंचल किंगर और को-चेयरमैन पवन शर्मा ने बताया कि प्रत्याशियों के लिए नामांकन प्रपत्र के साथ वैध डीआईएन (डायरेक्टर आइडेंटिफिकेशन नंबर) देना अनिवार्य है।
डीआईएन के बिना दाखिल नामांकन को वैध नहीं माना जाएगा। नामांकन वापसी की अंतिम तिथि तीन सितंबर को दोपहर तीन बजे तक निर्धारित है। इसके बाद चुनाव में शामिल प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। नामांकन को लेकर विभिन्न टीमों में भी उत्साह देखने को मिला। पहले दिन टीम पी21 के नौ प्रत्याशियों ने चैंबर भवन में प्रमोद श्रीवास्तव के साथ नामांकन दाखिल किया। वहीं, टीम मुकेश अग्रवाल के छह प्रत्याशियों ने भी अपना नामांकन पत्र जमा किया। इसके अलावा टीम तुलसी पटेल के 24 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया।


