मोरिंगा पाउडर की आपूर्ति के नाम पर महिला से ठगी
नोएडा, रवि प्रकाश सिंह रैकवार । मोरिंगा पाउडर की आपूर्ति करने का झांसा देकर एक महिला से 8.30

नोएडा, वरिष्ठ संवाददाता। मोरिंगा पाउडर की आपूर्ति करने का झांसा देकर एक महिला से 8.30 लाख रुपये ठग लिए गए। पीड़िता ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। गौड़ सिटी निवासी 42 वर्षीय अंजू देवी ने पुलिस को शिकायत दी कि वह ऑनलाइन कारोबार के सिलसिले में मोरिंगा पाउडर खरीदना चाहती थीं। इसके लिए उन्होंने दो जुलाई 2026 को भारत सिंह नाम के व्यक्ति से संपर्क किया था। भारत सिंह ने मोरिंगा पाउडर की सप्लाई करने का भरोसा दिया। उसकी बातों में आकर महिला ने उसके बैंक खाते में 8.30 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
रकम देने के बाद उन्हें उम्मीद थी कि तय समय पर सामान मिल जाएगा, लेकिन आरोपी ने सप्लाई नहीं की। उन्होंने कई बार फोन और व्हाट्सऐप के माध्यम से भारत सिंह से संपर्क करने का प्रयास किया। शुरुआत में वह जवाब देता रहा, लेकिन बाद में उसने व्हाट्सऐप संदेशों का जवाब देना बंद कर दिया और फोन भी बंद कर दिया। महिला का आरोप है कि आरोपी ने जानबूझकर उनके साथ धोखाधड़ी की है। कई प्रयास के बाद भी जब आरोपी से महिला का संपर्क नहीं हो पाया तो उसने मामले की शिकायत नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी दर्ज कराई। शिकायत में लेनदेन की जानकारी, बैंक ट्रांजेक्शन का विवरण और आरोपी के साथ हुई व्हाट्सऐप बातचीत से संबंधित साक्ष्य उपलब्ध कराए गए। इसके बाद मामला साइबर क्राइम थाने की पुलिस के पास पहुंचा। पीड़िता ने पुलिस से आरोपी के बैंक खाते की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने, लेनदेन की पूरी जानकारी जुटाने और ठगी की रकम वापस दिलाने की मांग की है। उसने आरोपी के बैंक खाते में उपलब्ध रकम सुरक्षित कराने की भी अपील की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जिन खातों में ठगी की रकम गई है, उनके बारे में पता किया जा रहा है। म्यूल खातों में रकम ट्रांसफर होने की आशंका है।

