नोएडा क्षेत्र में यमुना को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए योजना तैयार होगी
-बैठक में हिस्सा लेने के लिए प्राधिकरण के एसीईओ सतीश पाल को किया गया नामित

नोएडा, विक्रम शर्मा। प्रमुख संवाददाता। नोएडा क्षेत्र में यमुना को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए योजना तैयार की जाएगी। केंद्र सरकार के निर्देश पर जल्द प्राधिकरण इसको लेकर संबंधित अधिकारियों की बैठक बुलाएगा। नोएडा में यमुना का क्षेत्र सेक्टर-14 के पास से शुरू हो जाता है जो सेक्टर-94 कालिंदी कुंज से होते हुए सेक्टर-135, 168 तक जाती है। इसकी लंबाई 13 किलोमीटर से ज्यादा है। गृह मंत्रालय ने इस दिशा में कदम उठाते हुए एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है। इस संबंध में नोएडा प्राधिकरण को आधिकारिक सूचना भेज दी गई है। मंत्रालय की तरफ से यमुना संरक्षण, प्रबंधन, पुनर्जीवीकरण व प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए कई विंदु पर तैयारी के क्रम में सूचना भी मांगी गई है। अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही व्यापक रूपरेखा तैयार करने के लिए मंत्रालय स्तर से गठित समिति की बैठक होगी.
गृह मंत्रालय की सक्रियता
गृह मंत्रालय की सक्रियता और मुद्दे की संवेदनशीलता को देखते हुए प्राधिकरण स्तर से समिति की बैठकों में प्रतिभाग करने के लिए एसीईओ सतीश पाल को नामित किया गया है। प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार उच्चतम न्यायालय के एक आदेश का उल्लेख भी समिति गठन में किया गया है। आने वाले दिनों में दिल्ली में समिति की जो पहली बैठक होगी, उसमें कार्ययोजना की औपचारिक शुरुआत होगी। समिति में जो भी मुद्दे उठेंगे और चर्चा होगी उस पर प्राधिकरण से मांगी जाने वाली जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी। प्राधिकरण बैठक में अपने क्षेत्र में यमुना का दायरा, प्रदूषण के संभावित कारणों पर रिपोर्ट, अतिक्रमण व अन्य विंदुओं पर बुनियादी जानकारी रखेगा। बैठक के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि योजना में कौन से काम शामिल होंगे.
हिंडन को प्रदूषण मुक्त बनाने की योजना
नोएडा से हिंडन नदी होकर भी गुजरती है। पिछले करीब 15 साल से हिंडन को प्रदूषण मुक्त बनाने की योजनाओं पर सरकार काम कर ही है लेकिन अभी तक मौके पर हालात बेहतर नहीं हैं। हिंडन में नाले गिरने से लेकर कंपनियों का प्रदूषित पानी भी डाला जा रहा है।
सामान्य प्रश्न
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


