घर में घुसकर परिवार पर जानलेवा हमला, तीन की हालत गंभीर
नोएडा के बहलोलपुर गांव में पुरानी रंजिश के कारण एक परिवार पर जानलेवा हमला हुआ। हमले में महिला, उसके पति और भतीजा गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पति की हालत नाजुक है और उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और जांच जारी है।

नोएडा,रवि प्रकाश सिंह रैकवार। सेक्टर-63 थाना क्षेत्र के बहलोलपुर गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक परिवार पर घर में घुसकर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने कई नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हमले में महिला, उसके पति और भतीजा गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पीड़िता के पति की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उपचार चल रहा है। बहलोलपुर निवासी लता यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 24 जून को रात करीब साढ़े नौ बजे बजे नितिन, गोलू, मलखान, देवन, करण, बिजेंद्र और कालू देवन के साले समेत अन्य लोग पूर्व नियोजित साजिश के तहत उनके घर पहुंचे।
सभी लोग धारदार हथियारों से लैस थे। घर में घुसते ही आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर परिवार पर हमला बोल दिया। हमले के दौरान लता के पति दिनेश यादव, बेटे अभिषेक, भतीजे रितिक और अन्य पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार किए गए। रितिक के हाथ और पेट में गंभीर चोटें आईं, जबकि दिनेश यादव को गंभीर हालत में पहले स्थित जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां से हालत बिगड़ने पर उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका आईसीयू में इलाज चल रहा है। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के दौरान बीच-बचाव करने आए महिला के जेठ सतपाल यादव पर भी हमला किया गया। आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी, जिससे परिवार दहशत में है। पीड़िता ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। सेक्टर-63 थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। घटना से जुड़े सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आरोपियों की भूमिका और घटना के कारणों की भी जांच कर रही है।


