फर्जी दस्तावेज के आधार पर कंपनी को हड़पने के प्रयास का आरोप
गौरव भारद्वाज ... सेक्टर-80 स्थित एलकोव इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड के प्रमोटर निदेशक मनदीप सिंह चावला ने पुलिस को बताया कि कंपनी का गठन अगस्त 2015 में

नोएडा, संवाददाता। फेज-दो थाने में कंपनी के एक निदेशक ने दो सह निदेशकों पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर कंपनी को हड़पने के प्रयास का आरोप लगाया है। पुलिस ने उच्च अधिकारियों के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सेक्टर-80 स्थित एलकोव इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड के प्रमोटर निदेशक मनदीप सिंह चावला ने पुलिस को बताया कि कंपनी का गठन अगस्त 2015 में हुआ था। वर्तमान में कंपनी के तीन निदेशक हैं। जिनमें उनके अलावा संजय कुमार और विनय कुपूर हैं। कंपनी के गठन के बाद से ही कंपनी की सभी वैधानिक और वित्तीय अनुपालनों जैसे जीएसटी, आयकर, टीडीएस, बैंकिंग अनुपालन और सरकारी पोर्टलों के संचालन का कार्य वह देख रहे थे।
मई 2026 को उन्हें जीएसटी के आयुक्त ने मुलाकात के दौरान कुछ कथित बोर्ड प्रस्तावों एवं बैठक कार्यवृत्तों की प्रतियां उपलब्ध कराई गईं, जो कथित रूप से निदेशक मंडल द्वारा पारित बताई गई थीं। दस्तावेजों की जांच कराई तो पता चला कि सभी दस्तावेज फर्जी हैं। जिन्हें कंपनी के प्रबंधन, वैधानिक अनुपालनों, बैंकिंग संचालन एवं डिजिटल नियंत्रण पर अवैध कब्जा करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। आरोपियों द्वारा जिस प्रकार की बोर्ड बैठक आयोजित किए जाने का दावा किया गया है, वैसी कोई विधिसम्मत बैठक कभी आयोजित नहीं हुई। शिकायतकर्ता का कहना है कि उनके द्वारा की गई आपत्ति के बावजूद उनकी सहमति के बिना कार्यवाही जारी रखी। कथित कार्यवृत्तों में उनकी आपत्तियां नहीं दिखाई गईं। बैठक से पहले ही आरोपियों ने उनके डीएससी का दुरुपयोग कर पोर्टल की लॉगइन जानकारी और प्रिंसिपल कांटैक्ट जानकारी में अवैध परिवर्तन किया गया। आरोपियों ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जीएसटी विभाग को दस्तावेज भेजे और कंपनी के जीएसटी एवं अवैध नियंत्रण प्राप्त कर लिया। आरोपियों का उद्देश्य उन्हें कंपनी के प्रबंधन से उन्हें अवैध रूप से अलग करना एवं कंपनी पर पूर्ण नियंत्रण स्थापित करना है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


