तीन अधिकारियों को कार्यमुक्त किया गया
ग्रेटर नोएडा, सीएल मौर्य। प्राधिकरण से दूसरे विभागों में तबादला और प्रतिनियुक्ति की अवधि पूरी

ग्रेटर नोएडा, कार्यालय संवाददाता। प्राधिकरण से दूसरे विभागों में तबादला और प्रतिनियुक्ति की अवधि पूरी होने पर प्राधिकरण ने तीन अधिकारियों को कार्यमुक्त कर दिया। इससे संबंधित आदेश जारी किया गया है। ग्रेटर नोएडा की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस द्वारा जारी किए गए कार्यमुक्ति आदेश के मुताबिक प्रबंधक (प्रशासन/ सामान्य ) कमलेश मणि चौधरी को उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण यूपीसीडा में योगदान आख्या प्रस्तुत करने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से कार्यमुक्त कर दिया गया है। बता दें कि कमलेश मणि चौधरी को बीते 1 जून को यूपीसीडा कानपुर में तैनात किया गया था। वहीं महाप्रबंधक (प्रशासन/सामान्य) आरके देव को भी कार्यमुक्त कर दिया गया है।
आरके देव को बीते 3 जुलाई को यूपीसीडा के क्षेत्रीय कार्यालय सूरजपुर, गौतमबुद्धनगर में संबद्ध किया गया था। कार्यमुक्ति का आदेश 27 जुलाई को जारी किया गया।वहीं प्रतिनियुक्ति की अवधि पूर्ण हो जाने पर अवर अभियंता विद्युत अभियांत्रिकी मनोज कुमार को प्राधिकरण से कार्यमुक्त कर दिया गया है। अवर अभियंता मनोज कुमार का मूल विभाग लोक निर्माण विभाग है। तीन साल की प्रतिनियुक्ति पर प्राधिकरण में भेजा गया था।


