भ्रामक प्रचार करने वालों पर नजर
- एयरपोर्ट पर जलभराव का फर्जी वीडियो वायरल होने के बाद प्रबंधन सख्त ग्रेटर नोएडा,

ग्रेटर नोएडा,आशीष धामा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर जलभराव की फर्जी एआई जेनरेटेड वीडियो पोस्ट होने के बाद एयरपोर्ट प्रबंधन सख्त हो गया है। सोशल मीडिया की लगातार निगरानी की जाएगी और इस तरह की भ्रामक पोस्ट पर भी नजर रखी जाएगी।एयरपोर्ट पर बीते दिनों मूसलाधार बारिश के दौरान टर्मिनल से टैक्सी स्टैंड तक जाने वाले अंडरग्राउंड संपर्क मार्ग पर जलभराव हो गया था, लेकिन एयरपोर्ट के कर्मचारियों ने 30 मिनट से भी कम समय में पानी निकालकर व्यवस्थाएं सुचारू कर दी थी। इसके बाद लोगों ने एआई जेनरेटेड फर्जी वीडियो शेयर करके एयरपोर्ट के टर्मिनल तक में जलभराव की स्थिति दिखाई।
जब एयरपोर्ट प्रबंधन को इसकी जानकारी हुई थी तो उन्होंने तत्काल मामले का संज्ञान लेते हुए यात्रियों और आम नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की और वीडियो शेयर करने वाले फेसबुक पेज के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कराई। इस घटना के बाद अब प्रबंधन लगातार सोशल मीडिया पर निगरानी करेगा। जिससे कोई भी व्यक्ति इस तरह की गतिविधि न करे। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति ने बिना तथ्यों और साक्ष्यों के किसी तरह की झूठी सूचना प्रसारित की और इससे एयरपोर्ट की छवि धूमिल हुई तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं आमजनों से भी अपील की जा रही है कि वह किसी भी सूचना के लिए सिर्फ एयरपोर्ट और उड़ान कंपनियों की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रसारित सूचना पर ही विश्वास करें।


