पेट्रोल पंपों पर बिना पीयूसीसी चेकिंग के मिल रहा तेल

हिन्दुस्तान, मेरठ
Follow us on Google News
share

गुरुवार से पेट्रोल पंपों पर नो पीयूसीसी-नो फ्यूल का आदेश लागू हो गया। हिन्दुस्तान की टीम ने पालन का जायजा लिया, लेकिन एएनपीआर कैमरे नहीं लगे और पीयूसीसी एप सही से काम नहीं कर रहा था। पहले दिन कई वाहन बिना पीयूसीसी के फ्यूल भरते दिखे। सरकार को इसकी सख्ती से निगरानी करने की आवश्यकता है।

पेट्रोल पंपों पर बिना पीयूसीसी चेकिंग के मिल रहा तेल

वायु प्रदूषण रोकने के लिए गुरुवार से पेट्रोल पंपों पर नो पीयूसीसी-नो फ्यूल का आदेश लागू हो गया। आदेश का कितना पालन हो रहा है ये देखने के लिए आपके प्रिय अखबार हिन्दुस्तान की टीम ने शहर से लेकर देहात तक पेट्रोल पंपों का जायजा लिया तो पंपों पर नो पीयूसीसी-नो फ्यूल के पोस्टर तो लगे मिले लेकिन कहीं पर भी ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (एएनपीआर) कैमरे नहीं लगाए गए हैं। ऑयल कंपनियों द्वारा उपलब्ध कराया गया पीयूसीसी एप भी सही से काम करता नहीं दिखाई दिया। पहले ही दिन पंपों से बिना पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल सर्टिफिकेट (पीयूसीसी) वाले वाहनों को भी आराम से फ्यूल मिलता रहा। पेट्रोल पंप पर कार्यरत सेल्समैनों का कहना था कि पेट्रोल देने से मना करते है तो वाहन स्वामी लड़ाई करने लगते हैं।

पेट्रोल पंप पर पोस्टर-बैनर लगे, पीयूसीसी जांच ठप

जगह: साकेत

साकेत स्थित बेस्ट फ्यूल सेंटर पर नो पीयूसीसी-नो फ्यूल के पोस्टर और बैनर लगाए गए हैं। दो कर्मचारियों के फोन में पीयूसीसी एप भी डाउनलोड किया गया है। सेल्सगर्ल्स रेनू ने बताया कि पॉल्यूशन सर्टिफिकेट की वैलेडिटी चेक करने के लिए दिया गया पीयूसीसी एप सही से काम नहीं कर रहा है। एप में वाहन का नंबर फीड करके कमांड देते हैं तो प्रक्रिया आगे ही नहीं बढ़ पा रही है। हालांकि इस पेट्रोल पंप पर अभी तक एएनपीआर कैमरे नहीं लगाए गए हैं। पंप मैनेजर विक्की ने बताया कि एएनपीआर कैमरे बहुत महंगे हैं। मेरठ पेट्रोल पंप एसोसिएशन के अध्यक्ष ने सरकार को पत्र लिखकर पेट्रोल पंपों पर एएनपीआर कैमरों की व्यवस्था कराने की मांग की है। यहां पेट्रोल लेने पहुंचे पांडव नगर निवासी धर्मराज ने बताया कि यहां न तो पीयूसीसी की वैधता चेक की जा रही है न ही उसके बारे में पूछा जा रहा है। उन्होंने तो एक अक्टूबर को देखते हुए पहले ही पीयूसीसी बनवा लिया था।

बिना पीयूसीसी जांच के पेट्रोल भरवाते रहे लोग

जगह: पल्लवपुरम फेस वन

पल्लवपुरम फेस वन स्थित नायरा पेट्रोल पंप पर भी नो पीयूसीसी-नो फ्यूल के पोस्टर और बैनर तो लगे मिले लेकिन एएनपीआर कैमरे अभी तक नहीं लगे हैं। मोबाइल में डाउनलोड किया गया पीयूसीसी एप का इस्तेमाल होता हुआ नहीं मिला। वाहन स्वामी आराम से पेट्रोल भरवाकर जाते रहे। पंप कर्मियों ने बताया कि उन्हें एएनपीआर कैमरों की जानकारी नहीं है। मोबाइल में डाउनलोड किया गया पीयूसीसी एप भी सही से काम नहीं कर रहा है।

पीयूसीसी जांच में एप की सुस्ती बनी चुनौती

जगह: सरधना

सरधना स्थित मेरठ रोड पर विकास फिलिंग स्टेशन और बिनौली रोड स्थित एचपी पेट्रोल पंप पर ‘नो पीयूसीसी-नो फ्यूल’ का पोस्टर लगाया गया है। पेट्रोल पंप कर्मचारी मोबाइल एप के माध्यम से वाहन का प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसीसी) जांचने के बाद ही पेट्रोल-डीजल दे रहे हैं। बिना वैध पीयूसीसी वाले वाहनों को ईंधन नहीं दिया जा रहा है। हालांकि पंप कर्मियों ने बताया कि पीयूसीसी एप स्मूथली काम नहीं कर रहा है। कभी एप का सर्वर गड़बड़ करता है तो इंटरनेट स्लो होने से दिक्कत हो जाती है।

ठीक से काम नहीं कर रहा एप

जगह: मवाना

मवाना स्थित पेट्रोल पंप पर न तो नो पीयूसीसी-नो फ्यूल के पोस्टर और बैनर लगे है और न ही पीयूसीसी एप का इस्तेमाल हो रहा है। यहां पर बिना एप से जांच के ही वाहनों को पेट्रोल और डीजल दिया जा रहा है। पंप कर्मियों का कहना है कि एप तो डाउनलोड कर लिया है लेकिन ये ठीक से काम नहीं कर रहा है। नो पीयूसीसी-नो फ्यूल के पोस्टर बनने के लिए दिए हुए हैं। शुक्रवार को इन्हें लगा दिया जाएगा।

नियम लागू करने की तैयारी अधूरी

जगह: जागृति विहार

जागृति विहार स्थित पेट्रोल पंप पर नो पीयूसीसी-नो फ्यूल के पोस्टर और बैनर तो लगे हैं लेकिन यहां भी वाहनों को बिना पीयूसीसी चेक किए ही पेट्रोल और डीजल दिया जा रहा है। इस पंप पर भी एएनपीआर कैमरों को सेटअप नहीं लगा है। यहां पेट्रोल लेने पहुंचे जागृति विहार निवासी कुलदीप तोमर ने बताया कि सरकार की ये पहल बहुत अच्छी है, लेकिन इसे सख्ती से लागू किया जाना चाहिए। उनसे किसी ने भी पीयूसीसी के बारे में नहीं पूछा और आसानी से वाहन की टंकी फुल कर दी।

----------------------------------

कहना इनका

गुरुवार को आदेश का पालन देखने के लिए शहर के तीन पेट्रोल पंप चेक किए गए। पंप कर्मियों को पीयूसीसी एप को चलाने में पहले दिन कुछ दिक्कत हुई। सभी पेट्रोल पंपों को एएनपीआर कैमरे लगाने के ऑर्डर दिए जा चुके हैं। 226 पेट्रोल पंपों में अधिकतर ने पीयूसीसी एप डाउनलोड कर लिया है। नो पीयूसीसी-नो फ्यूल का पालन सभी पंप स्वामियों को करना होगा। जांच में जहां भी आदेश का उल्लंघन होता मिलेगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

विनय कुमार सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी मेरठ

सामान्य प्रश्न

✦नो पीयूसीसी-नो फ्यूल आदेश कब लागू हुआ?−
गुरुवार से पेट्रोल पंपों पर नो पीयूसीसी-नो फ्यूल का आदेश लागू हो गया।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव , CJP Protest Live और Navratri 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsपेट्रोल पंपों पर बिना पीयूसीसी चेकिंग के मिल रहा तेल