भविष्य में नदी को टैप करने की नहीं देंगे अनुमति : एनएमसीजी
राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन ने एनजीटी को बताया कि अब गंगा की किसी भी सहायक नदी को नाले के रूप में टैप करने की अनुमति नहीं दी जा रही है। वाराणसी की असि और वरुणा नदियों से जुड़ी याचिका पर सुनवाई के दौरान एनएमसीजी ने पूर्व की अनुमति को अनजाने में हुई गलती बताया। एनजीटी ने सीवरेज नेटवर्क की डीपीआर, फंड और समय-सीमा पर छह सप्ताह में हलफनामा मांगा।

राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (एनएमसीजी) ने शुक्रवार को नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) को बताया कि पूर्व में गंगा नदी की सहायक नदियों को नाले के रूप में टैप करने की अनुमति दे दी गई थी, लेकिन अब भविष्य में ऐसा नहीं होगा। एनएमसीजी ने वाराणसी में असि और वरुणा नदियों के पुनरुद्धार से जुड़ी याचिका पर सुनवाई के दौरान यह जानकारी दी है। पिछली सुनवाई पर असि नदी को टैप किए जाने पर एनजीटी ने कड़ी नाराजगी जाहिर की थी। एनजीटी में अपना पक्ष रखते हुए एनएमसीजी ने कहा कि चूंकि सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) राज्य सरकारों द्वारा तैयार की जाती हैं और इन डीपीआर में पहले कभी-कभी गंगा की सहायक नदियों को ‘नाले’ के रूप में टैप (जोड़ने) का प्रस्ताव दिया गया था, इसलिए अनजाने में उससे (एनएमसीजी) 2-3 मौकों पर इसकी अनुमति दे दी थी।
गंगा की सहायक नदियों की टैपिंग पर एनएमसीजी का रुख
एनजीटी प्रमुख जस्टिस प्रकाश श्रीवास्तव और विशेषज्ञ सदस्य डॉ. अफरोज अहमद की पीठ ने दाखिल अपने हलफनामा में एनएमसीजी ने कहा कि अब वह सतर्क है और गंगा नदी की किसी भी सहायक नदी को टैप करने की अनुमति नहीं दे रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि एनएमसीजी द्वारा बरसाती पानी के नाले को टैप करने की अनुमति केवल एक अस्थायी उपाय के रूप में दी जाती है।
सीवरेज नेटवर्क और समय-सीमा पर एनजीटी का निर्देश
पीठ ने अपने आदेश में कहा है कि ‘हमें बताया गया है कि एसटीपी बनाने के लिए 100 फीसदी धन एनएमसीजी द्वारा दी जाती है। सीवेज के प्रबंधन और उपचार की जिम्मेदारी राज्य और स्थानीय निकायों की है। इसलिए, एनएमसीजी यह सुनिश्चित करने पर विचार कर सकता है कि जब राज्य सरकार एसटीपी के लिए डीपीआर जमा करे, तो वह प्रस्तावित सीवरेज नेटवर्क के लिए भी डीपीआर जमा करे। साथ ही, राज्य को इस नेटवर्क के लिए आवंटित फंड का विवरण और एक समय-सीमा भी देनी चाहिए, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि सीवेज को सही तरीके से एसटीपी तक पहुंचाया जा सके। एनजीटी ने कहा है कि इससे यह सुनिश्चित होगा कि बरसाती नाले की अस्थायी टैपिंग की समय-सीमा के भीतर, सीवरेज नेटवर्क बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। इस बारे में पीठ ने एनएमसीजी को छह सप्ताह के भीतर हलफनामा दाखिल करने को कहा है।


