समारोह में 133 विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र और पदक दिए
गाजियाबाद में उत्तरी भारत वस्त्र अनुसंधान संघ (निटरा) का 21वाँ दीक्षांत समारोह हुआ। 133 विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र और पदक दिए गए। गीता, रमेश चंद और प्रिया को सर्वश्रेष्ठ शिक्षक के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह संस्थान अब तक 90 पूर्णकालिक और 71 दूरस्थ कार्यक्रम संचालित कर चुका है।

गाजियाबाद, वंदना। संजय नगर स्थित उत्तरी भारत वस्त्र अनुसंधान संघ (निटरा) में शनिवार को 21वें दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में 133 विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र और पदक देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान गीता, रमेश चंद यादव और प्रिया त्यागी को वर्ष के सर्वश्रेष्ठ शिक्षक का पुरस्कार भी दिया गया। कार्यक्रम में उद्योगपति विदित जैन मुख्य अतिथि, उद्योगपति संदीप होरा, नितिन नोलखा, राजीव अग्रवाल और निटरा के महानिदेशक डॉ. एमएस परमार विशिष्ट अतिथि रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को सम्मानित कर उन्हें शुभकामनाएं दी। संस्थान के योगेश तिवारी, निदेश, सत्यानारायण और संजय कुमार को वर्ष के सर्वश्रेष्ठ कर्मचारी का खिताब भी दिया गया।
महानिदेशक एमएस परमार ने बताया कि अब तक संस्थान द्वारा पूर्णकालिक कार्यक्रमों के 90 बैच और दूरस्थ शिक्षा कार्यक्रमों के 71 बैच संचालित किए जा चुके हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से 4,000 से अधिक विद्यार्थियों को प्रशिक्षण प्रदान कर विभिन्न प्रतिष्ठित परिधान एवं वस्त्र निर्यात कंपनियों में रोजगार उपलब्ध कराया गया है। विदित जैन ने कहा कि वस्त्र उद्योग में स्वरोजगार के अवसर व्यापक एवं विविध हैं, जो वस्त्र क्षेत्र के पेशेवरों के लिए रोजगार एवं उद्यमिता के नए द्वार खोलते हैं।संदीप होरा ने कहा कि देश की अनेक प्रमुख वस्त्र एवं परिधान निर्यात कंपनियां, परीक्षण प्रयोगशालाएं तथा बाइंग एजेंसियां निटरा के पूर्व विद्यार्थियों के प्रदर्शन से अत्यंत संतुष्ट हैं। उन्होंने बताया कि ये संस्थान प्रत्येक वर्ष निटरा से उत्तीर्ण कुशल एवं प्रशिक्षित विद्यार्थियों की नियमित रूप से भर्ती करते हैं।

