नीतीश कुमार ने गांधी आधारित दुर्लभ संग्रहों की प्रदर्शनी का उद्घाटन किया
पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना के बापू टावर में सेंट जेवियर्स हाई स्कूल द्वारा आयोजित महात्मा गांधी से संबंधित दुर्लभ सामग्री की प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। नीतीश कुमार ने छात्रों से संवाद किया और गांधीजी के जीवन, विचारों और स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी प्रदर्शित सामग्रियों की सराहना की।

पूर्व मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने रविवार को पटना स्थित बापू टावर में सेंट जेवियर्स हाई स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा आयोजित महात्मा गांधी से संबंधित मूल एवं दुर्लभ संग्रहों की एक दिवसीय प्रदर्शनी का दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया। प्रदर्शनी स्थल पर छात्र-छात्राओं ने पौधा भेंट कर नीतीश कुमार का स्वागत किया। मौके पर नीतीश कुमार ने विद्यार्थियों से संवाद किया, उनका उत्साहवर्धन किया तथा इस प्रकार के ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी आयोजन के लिए उनकी सराहना की। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जीवन, विचारों एवं स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ी प्रदर्शित मूल एवं ऐतिहासिक सामग्रियों को देखा।
प्रदर्शनी में गांधीजी के दुर्लभ छायाचित्र, वर्ष 1948 से संबंधित ऑडियो एवं वीडियो संग्रह, गांधी श्रृंखला के नोट एवं डाक टिकट, पोस्टकार्ड, हस्ताक्षरयुक्त पत्र, अगस्त 1947 के ऐतिहासिक समाचार-पत्र, स्मारक सिक्के तथा अन्य अनेक महत्वपूर्ण संग्रहणीय वस्तुएं प्रदर्शित की गई थीं। इन दुर्लभ सामग्रियों के माध्यम से महात्मा गांधी के व्यक्तित्व, उनके विचारों तथा स्वतंत्रता संग्राम में उनके अमूल्य योगदान को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन कुमार सर्राफ तथा बापू टावर के निदेशक विनय कुमार भी उपस्थित थे।


