नितिन नागर हत्याकांड : सीसीटीवी फुटेज की मदद से तीन बाल अपचारी गिरफ्तार
नितिन नागर हत्या मामले में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीन नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पहले दो आरोपियों को पकड़ा गया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन की जांच की। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है और मामले की गहनता से जांच जारी है।

नितिन नागर हत्याकांड में पुलिस ने मामले की गहनता से पड़ताल करके तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीन अन्य आरोपियों को दबोच लिया है। पुलिस द्वारा पकड़े गए तीनों आरोपी बाल अपचारी हैं। इस हत्याकांड में पुलिस दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। घटना के बाद से ही पुलिस की कई टीमें मामले में कई बिंदुओं पर बारीकी से जांच पड़ताल में जुटी हुई थीं। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ संदिग्ध नंबरों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड और मोबाइल लोकेशन की जांच की। थानाध्यक्ष कमल शंकर त्रिवेदी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, सीडीआर और मोबाइल लोकेशन समेत तमाम तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ही इन तीनों नाबालिगों के नाम प्रकाश में आए।
साक्ष्य मजबूत होने के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों को हिरासत में ले लिया। जिसमें से दो आरोपियों को किशोरपुर नहर पुल व एक आरोपी को गंगनहर मवाना से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों बाल अपचारियों को न्यायालय में पेश किया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। साक्ष्यों को जुटाने का कार्य जारी है। विवेचना के दौरान जैसे-जैसे अन्य संदिग्धों के नाम प्रकाश में आएंगे, उन्हें भी मुकदमे में शामिल कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


