गंगा तट पर बाबा का दर्शन मिलना अद्भुतः नितिन नवीन
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। उन्होंने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की भव्यता और गंगा तट से बाबा के दर्शन को अद्भुत बताया तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई दी। नवीन ने राहुल गांधी से इस्तीफे की मांग की और कहा कि भाजपा विदेशी मानसिकता से लोगों को बसाने के प्रयासों के खिलाफ लड़ेगी।

वाराणसी, विशेष संवाददाता। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ काशी विश्वनाथ मंदिर में सविवि दर्शन-पूजन कर मंगलकामना की। पूजन के बाद विश्वनाथ धाम में एएनआई से बातचीत में कहा कि ‘बाबा की नगरी में आकर हर भक्त, हर शख्स नतमस्तक होता है। हम तो बिहार से हैं। काशी आना हमारी परंपरा में है। उन्होंने कहा पहले भी कई बार बाबा का आशीर्वाद लेने यहां आने का मौका मिला। लेकिन यह जरूर कह सकते हैं कि काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के निर्माण से आज एक-एक श्रद्धालु को अच्छा लगता है। भक्तों को गंगा तट पर बाबा का दर्शन मिलना अद्भुत होता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई देते हुए कहा कि आज करोड़ों सनातनियों की आस्था के केंद्र को बहुत ही भव्य और अलग आकृति दी गई है।
राहुल गांधी पर नितिन नवीन की टिप्पणी
राहुल गांधी को पहले इस्तीफा देना चाहिए
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता 24 घंटे काम करता है। उसके लिए हर दिन काम है और हर दिन चुनाव है। हम वे लोग नहीं हैं, जो केवल चुनावी सीजन में आते हैं। हमारे कार्यक्रम, हमारे काम और जनता के साथ हमारा संवाद पूरे साल चलता है। मैं तो यही कहता हूं कि ये अराजकतावादी मानसिकता के लोग हैं, जिन्हें केवल समाज में विष घोलना आता है। अगर ऐसा ही था, तो केरल में भी चुनाव इसी इलेक्शन कमीशन ने कराया था। तमिलनाडु में जहां ये पीछे से सत्ता में पहुंचे हैं। वहां का चुनाव भी इसी इलेक्शन कमीशन ने कराया था। अगर हिम्मत है, तो राहुल गांधीजी को पहले अपना इस्तीफा देना चाहिए। जिस प्रकार का खेल ये खेल रहे हैं, वो देश की जनता देख रही है।
विदेशी ताकतों के खिलाफ भाजपा का रुख
विदेशी ताकतों के खिलाफ भाजपा हमेशा लड़ेगी
नितिन नवीन ने कहा कि घुसपैठियों को संरक्षण देने का काम नेता प्रतिपक्ष कर रहे हैं। जो अलग-अलग जगहों से आकर भारत के लोगों का हक मार रहे हैं, उन्हें हक दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। मैं मानता हूं कि भारत के संसाधनों, भारत की संपदा, भारत की भूमि पर यहां के लोगों का हक है। जो विदेशी मानसिकता से लोगों को यहां बसाने का प्रयास कर रहे हैं, उसके खिलाफ भाजपा हमेशा लड़ेगी।

