एनआईटी राउरकेला का दीक्षांत समारोह 12 को
एनआईटी राउरकेला का 24वां दीक्षांत समारोह 12 सितंबर को होगा। इस बार 2033 विद्यार्थियों को डिग्री दी जाएगी, जिसमें 911 बीटेक, 514 एमटेक, और 190 पीएचडी छात्र शामिल हैं। मुख्य अतिथि नीति आयोग के प्रो. अभय करंदीकर होंगे। पुरस्कारों में 86 पदक और विशिष्ट पूर्व छात्र पुरस्कार भी शामिल हैं।

राउरकेला, संवाददाता। एनआईटी राउरकेला का 24वां दीक्षांत समारोह 12 सितंबर को आयोजित होगा। समारोह में स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों के कुल 2033 विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की जाएगी। गुरुवार को आयोजित पत्रकार सम्मेलन में एनआईटी राउरकेला के निदेशक प्रो. के उमामहेश्वर राव, 24वें दीक्षांत समारोह के प्रो. सिधार्थ एस. जेना, डीन एकेडमिक्स प्रो. सरोज कुमार पटेल और प्रेस एवं जनसंपर्क समिति के अध्यक्ष प्रो. बिबेकानंद मल्लिक ने समारोह की तैयारियों की जानकारी दी। समारोह में नीति आयोग के सदस्य प्रो. अभय करंदीकर मुख्य अतिथि होंगे, जबकि एनआईटी राउरकेला के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष एसएन सुब्रह्मण्यन समारोह की अध्यक्षता करेंगे।
इस वर्ष 1525 छात्र और 508 छात्राएं डिग्री प्राप्त करेंगी। इनमें बीटेक के 911, एमटेक के 514, एमएससी के 182, पीएचडी के 190, एमबीए के 67 और अन्य पाठ्यक्रमों के विद्यार्थी शामिल हैं। दीक्षांत समारोह में शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम उपलब्धियों के लिए कुल 86 पदक और पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इनमें 11 संस्थान स्वर्ण पदक, छह एंडोमेंट गोल्ड मेडल, आठ एंडोमेंट पुरस्कार और 61 संस्थान रजत पदक शामिल हैं। संस्थान के दो पूर्व छात्रों राजर्षि गुप्ता और ज्ञान रंजन महंती को विशिष्ट पूर्व छात्र पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया जाएगा। राजर्षि गुप्ता को ऊर्जा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान तथा ज्ञान रंजन महंती को आधारभूत संरचना, रक्षा निर्माण और विरासत संरक्षण के क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। समारोह में विद्यार्थियों के परिवार, शिक्षक, पूर्व छात्र और अन्य विशिष्ट अतिथि शामिल होंगें।


