एनआईटी में एमबीए दाखिले को 37 विद्यार्थियों का चयन
एनआईटी जमशेदपुर ने शैक्षणिक सत्र 2026 के लिए एमबीए में दाखिले के लिए चयन सूची जारी की है। इस सूची में 37 योग्य विद्यार्थियों का नाम शामिल है, जबकि 16 अभ्यर्थियों को अयोग्य ठहराया गया है। अयोग्य उम्मीदवारों को अपनी बात रखने का अंतिम अवसर दिया गया है।

एनआईटी जमशेदपुर ने शैक्षणिक सत्र 2026 के लिए मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (एमबीए) पाठ्यक्रम में दाखिले को लेकर प्रोविजनल चयन सूची जारी कर दी है। संस्थान के डीन एकेडमिक्स कार्यालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, एमबीए के पहले बैच में नामांकन के लिए कुल 37 योग्य विद्यार्थियों का चयन सूची में किया गया है। इन उम्मीदवारों को संस्थान की ओर से एमबीए प्रोग्राम में प्रोविजनल रूप से शॉर्टलिस्ट किया गया है। दूसरी ओर, दाखिले की प्रक्रिया के दौरान कड़ी जांच के बाद संस्थान ने कुल 16 उम्मीदवारों को अयोग्य करार दिया है। ये वे अभ्यर्थी हैं, जो आवश्यक अर्हताओं या तकनीकी कारणों से चयन सूची में स्थान नहीं बना पाए हैं।
हालांकि, संस्थान ने अयोग्य ठहराए गए उम्मीदवारों को अपनी बात रखने का एक अंतिम अवसर प्रदान किया है। यदि किसी उम्मीदवार का नाम नॉट-शॉर्टलिस्टेड सूची में है और उन्हें लगता है कि उनका दावा सही है, तो वे इसके खिलाफ अपना अभ्यावेदन (रिप्रेजेंटेशन) दे सकते हैं।अभ्यर्थियों को अपने दावे के समर्थन में सभी प्रासंगिक और आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना आवेदन संस्थान के आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजना होगा। संस्थान ने इसके लिए समय-सीमा निर्धारित की है। सभी प्रभावित उम्मीदवार 14 जुलाई की शाम 5 बजे तक या उससे पहले अपना प्रतिनिधित्व ई-मेल के माध्यम से दर्ज करा सकते हैं। निर्धारित समय-सीमा की समाप्ति के बाद प्राप्त होने वाले किसी भी आवेदन या दस्तावेज पर विचार नहीं किया जाएगा।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


