सरकारी स्कूलों में निपुण रामायण करवाने की तैयारी
हरियाणा में सरकारी प्राथमिक स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए निपुण रामायण का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाना और उनकी प्रतिभा को मंच देना है। अक्टूबर तक रिहर्सल होंगे और नवंबर में उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुतियाँ की जाएंगी। बच्चों की प्रस्तुतियों को सोशल मीडिया पर भी साझा किया जाएगा।

फरीदाबाद, अभिषेक शर्मा। सरकारी प्राथमिक स्कूलों के विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को मंच देने के लिए अब निपुण रामायण का आयोजन किया जाएगा। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से पहली बार निपुण रामायण को खंड, क्लस्टर और जिला स्तर पर आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए स्कूलों को 19 अक्तूबर तक स्कूलों में निपुण रामायण कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं नवंबर में जिला स्तर पर निपुण रामायण का आयोजनमें उपायुक्त के समक्ष किया जाएगा। बता दें कि निपुण रामायण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को खेल-खेल में सीखने का अवसर देना और उनके अंदर की झिझक को समाप्त करना है। रामायण के प्रसंगों के माध्यम से विद्यार्थी संवाद, अभिनय और प्रस्तुति के जरिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इससे बच्चों में मंच पर बोलने और अपनी बात रखने का आत्मविश्वास बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। शिक्षा विभाग की योजना के अनुसार निपुण रामायण का आयोजन पहले खंड स्तर पर किया जाएगा। इसके बाद चयनित प्रस्तुतियों को क्लस्टर और जिला स्तर पर मंच मिलेगा। स्कूलों में विद्यार्थियों को अलग-अलग पात्रों की भूमिका देकर उनकी रिहर्सल कराई जाएगी। शिक्षक बच्चों को संवाद याद कराने के साथ प्रस्तुति के लिए तैयार करेंगे। बच्चों में रामायण के संवादों के अभिनय में परेशानी न हो, इसके लघु संवादों को चुना जाएगा。
सोशल मीडिया पर भी साझा होगी प्रतिभा
निपुण रामायण में विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों को रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया के माध्यम से भी साझा किए जाने की तैयारी है। इससे सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों की प्रतिभा को व्यापक मंच मिलने की उम्मीद है। बच्चों की प्रस्तुतियों के माध्यम से अभिभावकों और आम लोगों को भी सरकारी स्कूलों में होने वाली गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
नवंबर में उपायुक्त के सामने होगी प्रस्तुति
खंड और क्लस्टर स्तर की गतिविधियों के बाद जिला स्तरीय निपुण रामायण नवंबर में आयोजित की जाएगी। इसमें चयनित विद्यार्थी उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुति देंगे। शिक्षा विभाग का मानना है कि इस तरह की गतिविधियों से बच्चों में रचनात्मकता, टीम भावना, संवाद कौशल और आत्मविश्वास विकसित होगा। साथ ही, पढ़ाई को रोचक बनाने में भी मदद मिलेगी। स्कूल, क्लस्टर और खंड स्तर पर तीन-तीन टीमों का चयन किया जाएगा।
शिक्षा विभाग ने निपुण रामायण का सर्कुलर जारी किया है
शिक्षा विभाग ने निपुण रामायण का सर्कुलर जारी किया है। उसके अनुरूप एक अक्तूबर से रिहर्सल शुरू की जाएगी। वहीं 19 अक्तूबर के दौरान स्कूल, क्लस्टर और खंड स्तर पर रामायण कराई जाएगी। इसका मुख्य उद्देश्य सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों के संवाद को बेहतर करना है।
-बसंत कुमार ढिल्लो, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी


