नंगी तलवार ले दूरंतो के सामने कूदा निहंग सिख
झांसी के वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन पर एक निहंग सिख ने देर रात दूरंतो एक्सप्रेस के इंजन के सामने कूदकर विवाद उत्पन्न कर दिया। उसने नंगी तलवार लहराते हुए ट्रेन को आगे बढ़ने से रोका। यात्रियों और आरपीएफ की मदद से उसे समझाकर मामला शांत किया गया, जिसके बाद ट्रेन रवाना हुई।

झांसी। वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन झांसी पर बीती देर रात खूब हंगामा बरपा। सफर में किसी से विवाद में निहंग सिख नंगी तलवार लेकर प्लेटफार्म पर रुक रही दूरंतो एक्सप्रेस के इंजन के आगे पटरी पर कूद गया। चालक ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोकी और उसे हटने का इशारा किया, लेकिन वह तलवार लहराकर दूरी बनाने की चेतावनी देता रहा। काफी मशक्कत के बाद मुसाफिर दो सिखों ने समझाकर मामला शांत कराया। तब कहीं जाकर ट्रेन आगे के लिए रवाना हुई। आरपीएफ पोस्ट प्रभारी योगेश राणा ने बताया कि ट्रेन नंबर 12286 डाउन दूरंतो एक्सप्रेस हजरत निजामुद्दीन से चलकर सिकंदराबाद जा रही थी।
शुक्रवार की देर रात जैसे ही ट्रेन झांसी के प्लेटफार्म नंबर दो पर पहुंचकर रुकने लगी। तभी इसमें सवार निहंग सिख म्यान से तलवार निकालकर इंजन के सामने पटरी पर कूद गया। जिससे प्लेटफार्म पर बैठे अन्य मुसाफिरों के सांसे थम गई। आनन-फानन में निर्धारित ठहराव से पहले लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लिए और उसे हटने का इशारा किया, लेकिन वह आक्रोशित हो गया और तलवार लहराते हुए ट्रेन आगे न बढ़ने को कहने लगा। यही नहीं वहां मौजूद रेलवे कर्मचारी आगे आए तो उसने तलवार दिखाकर दूरी बनाने की चेतावनी दी। जिससे स्टेशन एकदम माहौल बदल गया। इस बीच ट्रेन में सवार लोग भी उतर आए और दो सिख मुसाफिरों ने उसे पंजाबी में समझाकर ऊपर आने को कहा, लेकिन वह नहीं माना। काफी मशक्कत के बाद वह उसे मनाने में कामयाब हुए। करीब दस मिनट के हंगामा के बाद वह प्लेटफार्म पर आया। बाद में ट्रेन आगे के लिए रवाना हुई। सूचना पर पहुंची आरपीएफ ने जांच शुरू कर दी है। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन आरपीएफ पोस्ट प्रभारी योगेश राणा ने बताया कि एक निहंग पटरी पर खड़ा होने की सूचना मिली थी। अब तक की जांच में यही सामने आया है उसका किसी से विवाद हुआ था। वह दूरंतो एक्सप्रेस में ही सवार बताया जा रहा है। जब तक टीम वहां पहुंची तो ट्रेन जा चुकी थी। फिर भी सीसीटीवी फुटेज से उसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।


