आठ अक्टूबर से हड़ताल पर जाएंगे एनएचएम चिकित्सक व कर्मचारी
मुजफ्फरनगर में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ ने 8 अक्टूबर से हड़ताल पर जाने की घोषणा की है। एनएचएम कर्मचारियों ने नियमितीकरण और सुविधाओं की मांग की है, जबकि पहले के समझौतों को लागू नहीं किया गया है। यदि सरकार ने ठोस निर्णय नहीं लिया, तो हड़ताल जारी रहेगी।

मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष मयंक ठाकुर के आह्वान पर शाखा मुजफ्फरनगर ने आठ अक्टूबर से हड़ताल पर जाने का ऐलान किया। एनएचएम चिकितसकों व कर्मचारियों ने नियमितीकरण व सभी सुविधाएं मिलने की मांग की है। जिला अस्पताल परिसर में पत्रकार वार्ता में जिला अध्यक्ष डॉ. सचिन जैन ने बताया कि वर्ष 2016 में 15 दिन की हड़ताल और 10 दिन की भूख हड़ताल के बाद तत्कालीन प्रमुख सचिव स्वास्थ्य के साथ लिखित समझौता हुआ था। इसमें नियमित भर्तियों में एनएचएम कर्मचारियों को वेटेज देने और अन्य राज्यों की तर्ज पर सुविधाएं देने का वादा किया गया था, लेकिन 10 साल बीत जाने के बाद भी कोई आदेश जारी नहीं हुआ।
इससे कई कर्मचारी अब आयु सीमा से बाहर हो चुके हैं। इसके बाद वर्ष 2021 के आंदोलन के बाद भी समझौते हुए, लेकिन धरातल पर लागू नहीं किया। इस दौरान डॉ. सुदेश वर्मा और डॉ. सचिन जैन ने बताया कि संगठन सरकार से टकराव नहीं चाहता, बल्कि केवल पूर्व समझौतों का क्रियान्वयन चाहता है। यदि 7 अक्टूबर तक सरकार ने कोई ठोस व लिखित निर्णय नहीं लिया तो 8 अक्टूबर से प्रदेश के 1 लाख से अधिक एनएचएम संविदा कर्मचारी कार्य बहिष्कार कर हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे। यह कार्य बहिष्कार तब तक जारी रहेगा, जब तक उनकी मांगे नहीं मानी जाएगी। डा. सुदेश वर्मा ने कहा कि पूरे प्रदेश में इतने एनएचएम कर्मचारी है कि काम बंद हड़ताल करते ही सरकार को झुकने पर मजबूर कर देंगे। इस दौरान डॉ. फैसल सिद्दीकी, संजय कुमार और डॉ. शमशेर डिंपल रानी, संजय कुमार, रवि कुमार, नेहा त्यागी सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।


