एनएचएआई ने फकुली में बनने वाले तोरण द्वार पर जताई आपत्ति
मुजफ्फरपुर के फकुली में बाबा गरीबनाथ कॉरिडोर के तहत बननेवाले तोरणद्वार के निर्माण पर एनएचएआई ने आपत्ति जताई है। परियोजना निदेशक ने डीएम को पत्र में बताया है कि नियमों के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्गों पर पक्का निर्माण करना नियम विरुद्ध है, जिससे सड़क सुरक्षा पर खतरा हो सकता है।

मुजफ्फरपुर, वसं। बाबा गरीबनाथ कॉरिडोर के तहत फकुली में बननेवाले तोरणद्वार के पक्का निर्माण पर एनएचएआई ने आपत्ति जताई है। एनएचएआई की मुजफ्फरपुर परियोजना क्रियान्वयन इकाई के परियोजना निदेशक (पीडी) आशुतोष सिन्हा ने इस संबंध में डीएम को पत्र लिखा है। डीएम को लिखे पत्र में नियमों का हवाला देते हुए राष्ट्रीय राजमार्गों के आर-पार पक्का तोरणद्वार या किसी भी तरह के आर्क डिजाइन वाले निर्माण कार्य को नियम विरुद्ध बताया गया है। साथ ही इस संबंध में नये सिरे से प्रस्ताव तैयार कर भेजने को कहा है। पीडी ने पत्र में कहा है कि बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम ने जिले के फकुली में स्वागत सह प्रवेश द्वार बनाए जाने का प्रस्ताव दिया था।
साथ ही इसके लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र की मांग की थी। इस प्रस्ताव की समीक्षा के क्रम में यह बात सामने आई कि विभागीय नियमानुसार एनएच के एक किनारे से दूसरे किनारे तक किसी भी तरह का पक्का निर्माण कार्य कराने की अनुमति नहीं दी जा सकती है, क्योंकि इसके कारण चालकों का ध्यान भंग हो सकता है। इससे कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बढ़ जाती है।

