गुरुग्राम से झज्जर तक नए हाईवे निर्माण के तीन विकल्प तैयार
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने गुरुग्राम और झज्जर के बीच कनेक्टिविटी सुधारने के लिए तीन नए हाईवे के विकल्प तैयार किए हैं। इनका निर्माण तीन से चार हजार करोड़ रुपये की लागत में होगा। इन में से किसी एक विकल्प की मंजूरी मिलने के बाद डीपीआर तैयार होगी।

- एनएचएआई ने तीनों विकल्प का प्रस्ताव तैयार करके एलाइनमेंट अप्रूवल कमेटी को भेजा - करीब 33 किमी लंबे इस हाईवे के निर्माण में तीन से चार हजार करोड़ की लागत आने का अनुमान
गुरुग्राम, दीपक आहूजा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने गुरुग्राम और झज्जर को जोड़ने के लिए नए हाईवे के निर्माण की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत सलाहकार ने तीन विकल्प तैयार किए हैं। इन्हें मंजूरी के लिए एनएचएआई सचिव की अध्यक्षता में गठित एलाइनमेंट अप्रूवल कमेटी को भेज दिया है। तीनों में से किसी एक विकल्प की मंजूरी मिलने के बाद निर्माण की डीपीआर तैयार करवाई जाएगी।
हरियाणा के मुख्यमंत्री के आदेश
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आदेश जारी किए थे कि गुरुग्राम-झज्जर की कनेक्टीविटी को बेहतर किया जाए। गुरुग्राम-पटौदी रोड पर गांव वजीराबाद से झज्जर को जोड़ रही सड़क की चौड़ाई बढ़ाई जाए या नया हाईवे तैयार किया जाए। एनएचएआई ने इस सिलसिले में एक कंपनी को सलाहकार नियुक्त किया था। इस कंपनी ने तीन प्रस्ताव तैयार करके दिए हैं। पहले प्रस्ताव के मुताबिक वजीरपुर से झज्जर तक जा रही मौजूदा सड़क की चौड़ाई को बढ़ाया जाए। मौजूदा समय में यह सड़क दोनों तरफ से दो-दो लेन की है, जिसे तीन-तीन लेन करने और साथ में दो-दो लेन की सर्विस रोड का निर्माण शामिल है। इस विकल्प के लिए आसपास लगते गांवों की करीब 395 एकड़ जमीन का अधिग्रहण करना होगा।
तीन विकल्पों का विवरण
दूसरे विकल्प के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 352डब्ल्यू स्थित गांव हरसरू से झज्जर तक खेतों से होता हुआ नया हाईवे तैयार किया जाए। इसके लिए 494 एकड़ जमीन की आवश्यकता होगी। तीसरे विकल्प के तहत गुरुग्राम-पटौदी रोड से गांव वजीरपुर से खेतों से होते हुए झज्जर तक नया हाईवे तैयार करना है। इसके लिए भी करीब 475 एकड़ जमीन की आवश्यकता होगी। इन तीनों हाईवे के निर्माण में करीब तीन से चार हजार करोड़ रुपये की लागत आएगी।
सरकारी जमीन का अधिग्रहण
विकल्प नंबर दो में करीब 400 एकड़ जमीन सरकारी
विकल्प नंबर दो के तहत यदि नया हाईवे बनाया जाता है तो इसके रास्ते में करीब 400 एकड़ जमीन हरियाणा सरकार की है। ऐसे में इसके अधिग्रहण की जरूरत नहीं होगी। विकल्प नंबर एक में करीब आधा एकड़ और विकल्प नंबर तीन में करीब साढ़े छह एकड़ जमीन हरियाणा सरकार की आ रही है। बची जमीन का अधिग्रहण करना होगा।
मौजूदा सड़क पर यातायात
झज्जर जाने के लिए वाहन चालक या तो वजीरपुर से जाते हैं या धनकोट की तरफ से। गांव वजीरपुर से झज्जर की तरफ वाहनों का आवागमन अधिक है। इस रोड पर यातायात जाम लग जाता है। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस समस्या से निजात पाने के लिए नया हाईवे तैयार करने या मौजूदा सड़क की चौड़ाई बढ़ाने की योजना पर विचार किया जा रहा है।
कोट :-
गुरुग्राम से वजीरपुर होते हुए झज्जर तक यातायात व्यवस्था बेहतर करने के लिए सलाहकार कंपनी ने तीन विकल्प सुझाव है। इसको लेकर तैयार सर्वे रिपोर्ट को उच्चाधिकारियों को भेज दिया है। किसी एक विकल्प की मंजूरी मिलने के बाद डीपीआर तैयार करने की दिशा में काम शुरू किया जाएगा।
- योगेश तिलक, परियोजना निदेशक, एनएचएआई


