यात्री सोशल मीडिया पर शिकायत टैग करें, एनएचएआई मौके पर भेजेगा मदद

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

नई दिल्ली, अरविंद सिंह। एनएचएआई ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर सफर कर रहे यात्रियों के लिए एक नया सोशल मीडिया मंच शुरू किया है। इस मंच के जरिए यात्री अपनी शिकायतें सीधे एनएचएआई के डिजिटल कमांड सेंटर तक पहुंचा सकते हैं। शिकायतों का त्वरित समाधान और डेटा-आधारित नीतियां लागू की जाएंगी।

यात्री सोशल मीडिया पर शिकायत टैग करें, एनएचएआई मौके पर भेजेगा मदद

नई दिल्ली, अरविंद सिंह। अगर आप राष्ट्रीय राजमार्ग पर सफर कर रहे हैं और किसी दुर्घटना, फास्टैग में खराबी अथवा सड़क पर गड्ढे जैसी समस्या का सामना कर रहे हैं, तो आप एनएचएआई के नए सोशल मीडिया मंच पर सीधे शिकात दर्ज करा सकते हैं। विभाग ने ऑनलाइन प्रतिष्ठा प्रबंधन (ओआरएम) ढांचे के माध्यम से सड़क यात्रियों को मौके पर सीधी और त्वरित मदद पहुंचाने की ठोस व्यवस्था बनाई है। एनएचएआई ने 22 जुलाई को नए सोशली मीडिया मंच व एसओपी को जारी कर दिया है। महज एक पोस्ट से आपकी शिकायत सीधे एनएचएआई के डिजिटल कमांड सेंटर तक पहुंचेगी, जिस पर तय मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत समयबद्ध कार्रवाई की जाएगी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह नया सिस्टम केवल सामान्य सोशल मीडिया हैंडलिंग नहीं है, बल्कि एक आधुनिक टू-वे कमांड सेंटर की तरह काम करेगा। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और डाटा एनालिटिक्स की मदद से एक्स, फेसबुक, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन और यूट्यूब पर आने वाले हर टैग, कमेंट और फीडबैक का रियल-टाइम विश्लेषण किया जाएगा। आपातकालीन परिस्थितियों (जैसे सड़क हादसे या टोल पर विवाद) में तुरंत रिप्लाई देकर क्षेत्रीय अधिकारियों (आरओ) को अलर्ट भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि खराब सड़क का वीडियो वायरल होने पर सरकार की छवि धूमिल होती है। एनएचएआई का नया ओआरएम सिस्टम इसी नुकसान को रोकने का काम करेगा。

यूनिक टिकट आईडी से ट्रैकिंग:

हर शिकायत को एक केस टिकट माना जाएगा, जिसे तब तक बंद नहीं किया जाएगा जब तक समस्या पूरी तरह हल नहीं हो जाती।

तथ्यों के साथ त्वरित जवाब:

भ्रामक खबरों या अफवाहों का तुरंत फैक्ट-चेक करके सही जानकारी जनता के सामने रखी जाएगी।

डाटा-आधारित नीतियां

अगर किसी खास हाईवे या टोल पर फास्टैग रीडर या सड़क की स्थिति को लेकर बार-बार शिकायतें आती हैं, तो उस डाटा के आधार पर सीधे संबंधित ठेकेदार पर कार्रवाई की जाएगी।

कैसे करनी होगी शिकायत

आम जनता को किसी भी समस्या जैसे हाईवे पर गड्ढा, वाहनों की लंबी कतार, टोल प्लाजा पेमेंट में दिक्कत आदि की फोटो या वीडियो खींचकर एनएचएआई के ऑफिशियल हैडल को टैग कर पोस्ट कर सकते हैं। उसी पोस्ट के कमेंट सेक्शन में शिकायत संख्या मिलेगी और समस्या हल होने के बाद फोटो-वीडियो के रूप में क्षेत्रीय टीम से जवाब मिलेगा।

फील्ड अधिकारियों को सीधे शिकायत

नया ओआरएम ढांचा शिकायतों को सीधे फील्ड अधिकारियों को भेजेगा। अधिकारी कार्रवाई कराने के पश्चात शिकायतकर्ता व शीर्ष अधिकारियों दोनों को अपडेट करेंगे। शिकायत दुर्घटना, एम्बुलेंस का फंसना या टोल पर विवाद से जुड़ा है तो शिकायतकर्ता विभाग के फोन पर भी संपर्क कर सकता है।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

✦क्या एनएचएआई का नया सोशल मीडिया मंच शिकायतों को सीधे कमांड सेंटर तक भेजता है?−
हां, एनएचएआई का नया सोशल मीडिया मंच शिकायतों को सीधे एनएचएआई के डिजिटल कमांड सेंटर तक पहुंचाता है।
अरविंद सिंह

लेखक के बारे में

अरविंद सिंह
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Navratri 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsNational Newsयात्री सोशल मीडिया पर शिकायत टैग करें, एनएचएआई मौके पर भेजेगा मदद