विदेश-- अब न्यूजीलैंड में बच्चों के लिए सोशल मीडिया प्रतिबंध की तैयारी
- प्रधानमंत्री लाए प्रस्ताव, जरूरी समर्थन अभी दूर वेलिंगटन, एजेंसी। न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर

प्रधानमंत्री लाए प्रस्ताव, जरूरी समर्थन अभी दूर वेलिंगटन, एजेंसी। न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर रोक लगाने वाले कानून का प्रस्ताव पेश किया है। उन्होंने सोमवार को कहा कि इससे युवाओं की एक पूरी पीढ़ी को नुकसान हो रहा है। हालांकि, इस विधेयक को अभी तक जरूरी समर्थन नहीं मिला है।
सहमति की कमी
लक्सन की गठबंधन सरकार में शामिल तीन में से दो पार्टियां इसके खिलाफ वोट करेंगी। इसे पास कराने के लिए विपक्षी सांसदों के समर्थन की जरूरत होगी जिन्होंने अभी तक यह तय नहीं किया है कि वे कैसे वोट करेंगे। लक्सन ने कहा कि नवंबर में चुनाव होने हैं और 1 अक्टूबर को संसद भंग होने से पहले सांसदों के पास इस प्रस्ताव पर वोट करने का भी काफी समय नहीं था। कानून बनने से पहले बिलों को वोटिंग के तीन दौर से गुजरना पड़ता है। इस प्रक्रिया में आमतौर पर कई महीने लग जाते हैं।
वॉट्सऐप-एआई ऐप्स इसके दायरे में नहीं
न्यूजीलैंड में आए प्रस्ताव के मुताबिक, इंस्टाग्राम, टिकटॉक, स्नैपचैट और फेसबुक जैसे मंचों को यह ध्यान रखना होगा कि यूजर्स की उम्र 16 साल से ज्यादा हो। इस प्रस्तावित कानून के दायरे से वॉट्सऐप जैसे मैसेजिंग ऐप और चैटजीपीटी, जेमिनी, कोपायलट जैसे एआई ऐप्स को बाहर रखा गया है।
अन्य देशों में स्थिति
ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, ब्राजील लगा चुके हैं प्रतिबंध। ऑस्ट्रेलिया ने सबसे पहले 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगाने वाला कानून लागू किया था। उसके बाद से कनाडा, ब्राज़ील और इंडोनेशिया जैसे देशों ने भी प्रतिबंध लगा दिए हैं। इसके अलावा कई अन्य देश इस पर कानून बनाने या उस पर विचार करने की प्रक्रिया में हैं। ऑस्ट्रेलिया में लगभग 47 लाख अकाउंट्स का एक्सेस बंद कर दिया गया है।


