ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News देशNEW YEAR 2019: शिमला में नये साल के पहले दिन बर्फबारी की संभावना

NEW YEAR 2019: शिमला में नये साल के पहले दिन बर्फबारी की संभावना

शिमला और मनाली में सोमवार को धूप खिली, लेकिन हिमाचल प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर तापमान हिमांक बिंदु से नीचे है और 1 जनवरी से बर्फबारी की संभावना है। प्रदेश की राजधानी का न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री...

NEW YEAR 2019: शिमला में नये साल के पहले दिन बर्फबारी की संभावना
एजेंसी,शिमलाTue, 01 Jan 2019 09:59 AM
ऐप पर पढ़ें

शिमला और मनाली में सोमवार को धूप खिली, लेकिन हिमाचल प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर तापमान हिमांक बिंदु से नीचे है और 1 जनवरी से बर्फबारी की संभावना है। प्रदेश की राजधानी का न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राज्य में लाहौल-स्पीति जिले का केलांग सर्वाधिक ठंडा रहा। यहां का न्यूनतम तापमान शून्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। वहीं मनाली का तापमान शून्य से 0.6 डिग्री और धर्मशाला का तापमान शून्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने कहा कि 1 जनवरी से क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ फिर से सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से व्यापक बारिश और बर्फबारी की संभावना है। सोमवार को शीत लहर में मामूली कमी और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी से राहत मिली।

पंजाब में आदमपुर, हरियाणा में हिसार सबसे ठंडा

पंजाब और हरियाणा में सोमवार को शीतलहर जारी रही। पंजाब के आदमपुर में न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अमृतसर में न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से दो डिग्री कम है। हरियाणा में हिसार सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजस्थान में कड़ाके की सर्दी, भीलवाड़ा में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस

राजस्थान के चूरू, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, झुंझुनूं, सीकर, भरतपुर जिलों में शीतलहर का प्रकोप और कड़ाके की सर्दी के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ है। भीलवाड़ा में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में 5.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में अधिकतम तापमान 22.2 डिग्री से लेकर 29 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। 

मध्यप्रदेश के कई हिस्सों में पाला

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में सोमवार को ठिठुरन बरकरार रही, वहीं कई हिस्सों में पाला भी पड़ा है। प्रदेश में खजुराहो और बैतूल सबसे ठंडा रहा, जहां तापमान दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 7.8 डिग्री, ग्वालियर का 4.1 डिग्री और जबलपुर का तापमान 4. 4 सेल्सियस दर्ज किया गया।

बिहार में ठंड बढ़ी, गया का पारा 2.9 डिग्री सेल्सियस 

बिहार की राजधानी पटना तथा इसके आसपास के क्षेत्रों में सोमवार को मौसम साफ रहा और धूप निकली है। हालांकि, ठंडी हवाओं के कारण पटना सहित राज्य के करीब सभी हिस्सों में ठंड बढ़ गई है। सोमवार को गया का न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना और भागलपुर का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री तथा पूर्णिया का 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। पटना का अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा। 

कश्मीर, लद्दाख में शीतलहर का प्रकोप फिर शुरू

कश्मीर घाटी और लद्दाख क्षेत्र में एक दिन की राहत के बाद सोमवार को भीषण शीतलहर का प्रकोप फिर शुरू हो गया है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.6 डिग्री सेल्सियस, पहलगाम में शून्य से 5.5 डिग्री और गुलमर्ग में शून्य से 5 डिग्री सेल्सियस कम तापमान दर्ज किया गया। लेह का न्यूनतम तापमान शून्य से 14 डिग्री और कारगिल का तापमान शून्य से 17.2 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। जम्मू में रात का न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राहतः दिल्ली में पेट्रेाल 69 रुपये से नीचे आया, डीजल भी हुआ सस्ता

सबूतों के अभाव में फर्जी स्टाम्प पेपर घोटाले में तेलगी समेत आठ बरी

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें