पीजी में आईकेएस के 33 विषय पढ़ेंगे विद्यार्थी, वीएसी के रूप में अनुमोदन
वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय में अब पीजी के विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान परंपरा (आईकेएस) से जुड़े वैल्यू एडेड कोर्स का विकल्प मिलेगा। एकेडमिक काउंसिल और सिंडिकेट ने नई शिक्षा नीति के तहत इस प्रस्ताव को मंजूरी दी है। विद्यार्थियों को अपने मूल विषय के अलावा 33 विषयों में से एक चुनने का अवसर मिलेगा।

मूल विषय के साथ रुचि के अनुसार एक वैल्यू एडेड कोर्स चुनने का मिलेगा विकल्प, एकेडमिक काउंसिल व सिंडिकेट ने दी मंजूरी नई शिक्षा नीति के तहत सत्र-1 और 2 में मिलेगा विकल्प, एकेडमिक काउंसिल और सिंडिकेट ने दी मंजूरी आरा, निज प्रतिनिधि। वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय में अब पीजी के विद्यार्थी अपने मूल विषय के साथ भारतीय ज्ञान परंपरा (आईकेएस) से जुड़े विषय भी पढ़ सकेंगे। नई शिक्षा नीति और चॉइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम के तहत आईकेएस को वैल्यू एडेड कोर्स (वीएसी) के रूप में लागू करने के प्रस्ताव को शुक्रवार को एकेडमिक काउंसिल और सिंडिकेट ने मंजूरी दे दी। कुलपति प्रो. शैलेन्द्र कुमार चतुर्वेदी की अध्यक्षता में हुई विशेष बैठक में लोक भवन से प्राप्त प्रस्ताव पर मुहर लगाई गई।
कोर्स के विषय
प्रस्ताव के तहत पीजी प्रोग्राम के सेमेस्टर वन और टू में क्रेडिट वाले वीएसी के रूप में आईकेएस के 33 विषय शामिल किए गए हैं। विद्यार्थी अपने मूल पीजी विषय के अलावा अपनी रुचि के अनुसार इनमें से किसी एक विषय का चयन कर सकेंगे। इससे कला, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान और मानविकी संकाय के विभिन्न विषयों के विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान परंपरा के विविध पक्षों को अकादमिक रूप से समझने का अवसर मिलेगा। बैठक में छात्र कल्याण अध्यक्ष प्रो ओपी राय,कुलसचिव प्रो रामकृष्ण ठाकुर,प्रॉक्टर डॉ नीरज कुमार, प्रो कुंदन कुमार सिंह, प्राचार्य प्रो नवीन कुमार, प्रो नरेंद्र प्रताप पालित, प्रो आभा सिंह, प्रो कनकलता, प्रो मीना कुमारी, प्रो शंकर प्रसाद शर्मा, डीन प्रो ललित सागर, प्रो नरेंद्र कुमार, प्रो अवध बिहारी सिंह और अन्य सदस्य मौजूद थे।
विषयों की सूची
इन विषयों का कर सकेंगे चयन आईकेएस के तहत वैदिक गणित, प्राचीन खगोल विज्ञान, संस्कृति एवं नैतिकता, प्राचीन इतिहास एवं पुरातत्व, पारंपरिक भाषाएं एवं साहित्य, योग एवं व्यावहारिक विज्ञान, पर्यावरण एवं प्राचीन तकनीक, पारंपरिक वास्तुकला एवं वास्तुशास्त्र, प्राचीन भारतीय मनोविज्ञान, आहार-पोषण एवं घरेलू उपचार, धर्म-कर्म विमर्श और भागवत गीता दर्शन समेत 33 विषय शामिल हैं।
जिम संचालन पर चर्चा
एकेडमिक काउंसिल की बैठक में आईकेएस के प्रस्ताव के अलावा विश्वविद्यालय परिसर स्थित जिम के संचालन से संबंधित व्यवस्था पर भी विचार-विमर्श किया गया।


