मां शीतला मंदिर में स्थापित होगा भव्य श्रीयंत्र
51 देवी शक्तिपीठों में से एक कड़ा धाम स्थित मां शीतला देवी मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए एक नया आध्यात्मिक अनुभव तैयार किया जा रहा है। यहां एक भव्य श्रीयंत्र स्थापित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य भक्तों को शक्ति और साधना के प्रतीक से जोड़ना है। यह श्रीयंत्र मन की शांति प्रदान करने में सहायक होगा।

51 देवी शक्तिपीठों में एक शक्तिपीठ कड़ा धाम स्थित मां शीतला देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की आस्था को नई आध्यात्मिक अनुभूति देने की तैयारी है। मंदिर के दिव्य गर्भगृह के सामने छत पर आठ बाई आठ फीट का भव्य श्रीयंत्र स्थापित किया जा रहा है। मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष आत्म प्रकाश पांडेय ने बताया कि करीब साढ़े तीन लाख रुपये की लागत से तैयार हो रहा यह विशाल श्रीयंत्र को विशेष ऑर्डर देकर बनारस में बनवाया गया है। इसका उद्देश्य मंदिर की दिव्यता व भव्यता बढ़ाने के साथ श्रद्धालुओं को श्रीयंत्र के आध्यात्मिक और धार्मिक महत्व से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि श्रीयंत्र को शक्ति और साधना का प्रतीक है।
सनातन परंपरा में इसे आदिशक्ति का ज्यामितीय स्वरूप माना गया है। इसके केंद्र में स्थित बिंदु परम शक्ति का प्रतीक है, जबकि त्रिकोणों की संरचना सृष्टि, शक्ति और चेतना के विभिन्न स्वरूपों का प्रतिनिधित्व करती है। मान्यता है कि श्रद्धा और एकाग्रता के साथ श्रीयंत्र के दर्शन एवं ध्यान से मन को शांति मिलती है। मां शीतला के दर्शन के लिए प्रदेश के अलावा दिल्ली, मुंबई, गुजरात, झारखंड समेत कई राज्यों से श्रद्धालु पहुंचते हैं। दिव्य गर्भगृह के सामने खड़े होकर जब श्रद्धालु मां शीतला की आराधना करेंगे तो उनको श्री यंत्र के दर्शन होंगे। ऐसे में श्रद्धालुओं के लिए यह मां शीतला के दर्शन के साथ शक्ति, साधना और आस्था का नया केंद्र भी बनेगा।


