बरेली समेत चार जिलों के सहायता प्राप्त कॉलेजों को क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी से मिलेगा अनुदान
बरेली, पीलीभीत, बदायूं और शाहजहांपुर के कॉलेजों पर नए आदेश होंगे लागू बरेली समेत चार जिलों के सहायता प्राप्त कॉलेजों को क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी

बरेली। मुख्य संवाददाता : सहायता प्राप्त कॉलेजों के लिए शासन ने नया नियम लागू कर दिया है। सहायता प्राप्त अशासकीय महाविद्यालयों और अनुदानित विश्वविद्यालयों को मिलने वाले सरकारी अनुदान के वितरण की व्यवस्था बदल दी गई है। शासन के नए आदेश के तहत अब बरेली, पीलीभीत, बदायूं और शाहजहांपुर के सहायता प्राप्त अशासकीय महाविद्यालयों के अनुदान का आहरण और वितरण क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी बरेली के माध्यम से किया जाएगा। विशेष सचिव आलोक दीक्षित द्वारा 18 जुलाई 2026 को जारी आदेश में प्रदेश के सभी जिलों के लिए क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारियों को आहरण एवं वितरण अधिकारी नामित किया गया है।
इसके तहत बरेली मंडल के चारों जिलों की जिम्मेदारी क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी बरेली को दी गई है।शासन ने यह व्यवस्था पूर्व में 3 जून 2026 को जारी आदेश में सामने आई प्रशासनिक और व्यावहारिक कठिनाइयों को देखते हुए लागू की है। नए आदेश के अनुसार संबंधित क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी अपने अधीन आने वाले सभी सहायता प्राप्त अशासकीय महाविद्यालयों और अनुदानित विश्वविद्यालयों के अनुदान संबंधी अभिलेखों, भुगतान और वितरण की पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे। इसके साथ ही क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी यह भी सुनिश्चित करेंगे कि महालेखाकार कार्यालय से प्राप्त आंकड़ों का मिलान सही तरीके से हो तथा अनुदान के आहरण और वितरण से जुड़े सभी अभिलेख व्यवस्थित रूप से सुरक्षित रखे जाएंगे।


