एक नहीं, दो अंगों से बना हमारा दिमाग
अमेरिका में हुए शोध में दावा किया गया है कि इंसानों का दिमाग एक नहीं, दो अलग-अलग अंगों से बना है। स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने चूहों में भ्रूण के शुरुआती विकास का अध्ययन किया और बताया कि दिमाग का पिछला हिस्सा, जिसे हिंडब्रेन कहा जाता है, वह आगे के हिस्से से अलग तरीके से विकसित होता है।

कैलिफोर्निया, एजेंसी। अमेरिका में हुए शोध में दावा किया गया है कि इंसानों का दिमाग एक नहीं, दो अलग-अलग अंगों से बना है। इसने सदियों पुरानी उस धारणा को चुनौती देता है कि पूरा दिमाग किसी एक ही मूल कोशिका से विकसित होता है। स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने बताया कि इंसानों के विकास क्रम के दौरान दो अलग-अलग प्राचीन तंत्रिका तंत्र विकसित हुए जो बाद में जुड़कर एक अंग बन गए। शोधकर्ताओं ने चूहों में भ्रूण के शुरुआती विकास का अध्ययन किया। इसमें पता चला कि दिमाग का पिछला हिस्सा, जिसे हिंडब्रेन कहा जाता है, वह आगे के हिस्से से अलग तरीके से विकसित होता है。
दिमाग के मुख्य हिस्से
दिमाग के तीन मुख्य हिस्से माने जाते हैं। अग्र भाग सोचने, भाषा, चेतना और तर्क जैसी क्षमताओं से जुड़ा है। मध्य भाग देखने-सुनने, शरीर की गतिविधियों और दर्द जैसी प्रक्रियाओं में भूमिका निभाता है। पिछला भाग सांस लेने, दिल की धड़कन, निगलने और पाचन जैसी जीवन के लिए जरूरी गतिविधियों को नियंत्रित करता है।
लैब में बनाईं कोशिकाएं
इसी जानकारी के आधार पर शोधकर्ताओं ने पहली बार लैब में दिमाग के पिछले हिस्से के भाग में काम करने वाली मोटर न्यूरॉन कोशिकाएं विकसित कीं। इससे यह समझने में मदद मिलेगी की कुछ बीमारियों में न्यूरॉन्स को नुकसान कैसे पहुंचता है। इससे गंभीर बीमारियों का इलाज ढूंढने में मदद मिलेगी।

