जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनाना हुआ मुश्किल, 1 अक्टूबर से नियम कड़े

हिन्दुस्तान, नवादा
Follow us on Google News
share

सरकार द्वारा जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के नियमों में बदलाव से आम जनता की कठिनाइयाँ बढ़ गई हैं। विशेषकर उन लोगों के लिए जो डिजिटल प्रमाण पत्र नहीं बनवा पाए हैं। नए नियमों के अनुसार आवेदन के लिए समयसीमा तय की गई है, जिसके चलते कई लोग अदालत का रुख करने के लिए मजबूर हो गए हैं।

जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनाना हुआ मुश्किल, 1 अक्टूबर से नियम कड़े

जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के नियमों में सरकार द्वारा किए गए नए बदलावों से आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी है। विशेषकर उन बच्चों या परिजनों के लिए यह आदेश बड़ी परेशानी का सबब बनेगा, जिनका अब तक डिजिटल जन्म या मृत्यु प्रमाण पत्र नहीं बन सका है। 1 अक्टूबर 2026 से प्रभाव में आए जन्म-मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) अधिनियम, 2026 के तहत अब आवेदन प्रक्रिया को समयसीमा के आधार पर 5 कड़े चरणों में बांट दिया गया है। ​पूर्व में जारी मैनुअल प्रमाण पत्रों को रद्द कर उन्हें डिजिटल में बदलने की प्रक्रिया पहले से ही सुस्त थी। अब नए तकनीकी व कानूनी पेंच के कारण आमजन को भारी नुकसान और कागजी दांव-पेच का सामना करना पड़ेगा। साथ ही, डिजिटल प्रक्रिया की लेटलतीफी से भी आमजनों की परेशानी बढ़ेगी।

चरणबद्ध प्रक्रिया और नए कड़े नियम पड़ रहे भारी

पहली अक्टूबर से संशोधन के बाद कई दुश्वारियां सामने आने लगी हैं। चरणबद्ध प्रक्रिया के तहत ​प्रथम चरण में जन्म या मृत्यु के 21 दिनों के भीतर आवेदन करने पर स्थानीय रजिस्ट्रार यानी नगर निगम या ग्राम पंचायत द्वारा बिना किसी विलंब शुल्क के प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा। इसके लिए अस्पताल की पर्ची और माता-पिता के आधार जैसे सामान्य दस्तावेजों की आवश्यकता होगी। अभी भी यह सहज प्रक्रिया है। जबकि, ​दूसरे चरण में 21 से 30 दिन की अवधि में आवेदन करने पर निर्धारित विलंब शुल्क और शपथ पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। अपेक्षाकृत यह भी बहुत परेशानीदायक नहीं है। लेकिन, इसके बाद ​तीसरे चरण के तहत 30 दिन बीत जाने के बाद 1 वर्ष तक के आवेदनों के लिए जिला रजिस्ट्रार या अतिरिक्त जिला रजिस्ट्रार की लिखित अनुमति, विलंब का स्पष्ट कारण, सत्यापन और फीस की आवश्यकता होगी। इसी प्रकार, ​चौथे चरण की प्रक्रिया के तहत 1 साल से 2 साल तक की देरी पर पंजीकरण केवल जिलाधिकारी, अपर समाहर्ता या डीएम द्वारा अधिकृत एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट के लिखित आदेश और सत्यापन के बाद ही संभव होगा। सबसे सख्त नियम ​पांचवे चरण में है। यदि जन्म या मृत्यु की घटना को 2 वर्ष से अधिक का समय हो गया है, तो प्रशासनिक स्तर पर कोई प्रमाण पत्र जारी नहीं होगा। इसके लिए सीधे कोर्ट जाना होगा। प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष याचिका दायर कर, 2 गवाहों, वकील और ठोस सबूतों के साथ न्यायिक आदेश प्राप्त करना होगा。

30 सितंबर तक की मोहलत खत्म, बढ़ गया संकट

उल्लेखनीय है कि 30 सितंबर 2026 तक पुराने नियमों के तहत डीएम स्तर से कागजात बन जाते थे। लेकिन 1 अक्टूबर 2026 से प्रभावी नए संशोधन के बाद 2 साल से पुराने सभी मामलों में सीधे कोर्ट कचहरी का रुख करने की नौबत आ गयी है। उल्लेखनीय है कि पूर्व से ​अस्पतालों की सुस्ती आमजनों की परेशानियां बनी हुई थीं, जो अब सिरदर्दी बनने लगी है। ​पूर्व में सरकार द्वारा पुराने मैनुअल प्रमाण पत्रों को बंद कर डिजिटल करने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। लेकिन अस्पतालों और संबंधित संस्थानों की सुस्ती तथा तकनीकी गड़बड़ियों के कारण हजारों बच्चों का डिजिटल प्रमाण पत्र आज तक नहीं बन सका है। ​जो लोग महीनों से जिले भर के विभिन्न प्रखंड, नगर निकाय और अस्पतालों के चक्कर लगाकर थक चुके थे, अब उनके सिर पर कोर्ट-कचहरी, वकीलों की भारी-भरकम फीस और गवाहों की खातिरदारी का अतिरिक्त बोझ आ पड़ा है। परिजनों का कहना है कि विभागीय लापरवाही का खामियाजा अब आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

एकल दस्तावेज के रूप में दी जा रही मान्यता

आरम्भिक दौर में आमजनों को नई नियमावली से भले ही थोड़ी परेशानियों का सामना करना पड़े, लेकिन सक्षम पक्षों का कहना है कि इस नए अधिनियम का सबसे मुख्य उद्देश्य जन्म प्रमाण पत्र को डिजिटल रूप से एक सर्वमान्य एकल दस्तावेज बनाना है। अब सरकारी योजनाओं, स्कूल एडमिशन, वोटर आईडी कार्ड, मतदाता सूची, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट और सरकारी नौकरियों में जन्म तिथि के सत्यापन के लिए केवल यह डिजिटल जन्म प्रमाण पत्र ही मुख्य आधार बनेगा। मृत्यु प्रमाण पत्र के नियमों में सख्ती इसलिए बढ़ाई गई है ताकि संपत्ति के फर्जी म्यूटेशन यानी दाखिल-खारिज, अवैध उत्तराधिकार के दावों और बैंक खातों से गलत तरीके से धन निकासी या क्लेम पर रोक लगाई जा सके। नए नियमों के तहत अस्पतालों और प्रसूति गृहों को पोर्टल पर घटना के 21 दिनों के भीतर डेटा अपलोड करने की सीधी कानूनी जिम्मेदारी दी गई है। ऐसा न करने पर अस्पताल प्रशासन पर भी लापरवाही की कार्रवाई का प्रावधान है। मैनुअल यानी कागजी प्रमाण पत्रों को निरस्त करने और 2 साल से पुराने मामलों को सीधे प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट भेजने के पीछे मुख्य वजह बैकडेट में फर्जी जन्म या मृत्यु प्रमाण पत्र बनने वालों पर पूर्ण विराम लगाना है। नए संशोधन के बाद राज्यों का सीआरएस यानी सिविल रजिस्ट्रेशन सिस्टम पोर्टल केंद्रीय डेटाबेस से सीधे जुड़ेगा, जिससे एक बार डिजिटल प्रमाण पत्र बन जाने के बाद उसमें गलत या फर्जी तरीके से संशोधन करना संभव नहीं होगा। (​नवादा/हिसुआ से राजेश मंझवेकर​/उदय कुमार सिन्हा)

Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsजन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनाना हुआ मुश्किल, 1 अक्टूबर से नियम कड़े