बादामपहाड़-क्योंझर नई लाइन से पहले बनेगा रोड ओवरब्रिज
जमशेदपुर में नए रेलवे लाइन और रोड ओवरब्रिज की योजना है, जिससे बादामपहाड़ और क्योंझर के बीच यातायात सुगम होगा। रेलवे परियोजना पर 46 करोड़ रुपये खर्च होंगे और इससे टाटानगर से पुरी की दूरी में कमी आएगी। इस परियोजना से ग्रामीणों को ट्रेन सेवाओं का लाभ मिलेगा।

जमशेदपुर, वरीय संवाददाता। बादामपहाड़ से क्योंझर के बीच नई लाइन बिछाने से पूर्व रेलवे एक रोड ओवरब्रिज बनाएगा। दक्षिण पूर्व जोन से यह आदेश जारी हुआ है, ताकि कार्यस्थल से लोगों की आवाजाही न हो। बादामपहाड़ नई लाइन के स्थल पर रोड ओवरब्रिज बनाने में रेलवे 46 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च करेगा।
नई लाइन और रेलवे स्टेशन
वहीं, 82 किलोमीटर से ज्यादा लंबी नई लाइन के बीच सात रेलवे स्टेशन तथा सौ से ज्यादा रोड ओवरब्रिज और अंडर ब्रिज प्रस्तावित हैं। 2025 में रेलवे ने बादामपहाड़ स्टेशन के पास पैदल राहगीरों की सुविधा के लिए करीब 2 करोड़ रुपये की लागत से एक नया फुट ओवरब्रिज भी बनवाया है।
शिलान्यास और यात्रा में सुधार
मालूम हो कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने चक्रधरपुर मंडल स्थित बादामपहाड़-क्योंझर और गुरुमाहिसानी-बांगडीपोसी के साथ खड़गपुर मंडल में चाकुलिया-बुरामारा नई लाइन का शिलान्यास किया था। बादामपहाड़ से क्योंझर नई लाइन बनने पर टाटानगर से पुरी स्टेशन की दूरी 180 किलोमीटर तक कम हो सकती है। इससे ओडिशा और झारखंड के यात्री कम समय में एक स्थान से दूसरे स्थान तक आ-जा सकेंगे। रेलवे को भी नई लाइन के जरिए खनिजों की ढुलाई क्षमता बढ़ाने और ट्रेन ट्रैफिक नियंत्रित करने में सहूलियत होगी।
भूमि अधिग्रहण और सांस्कृतिक संबंध
बताया जाता है कि ओडिशा, पश्चिम बंगाल और झारखंड में बादामपहाड़-क्योंझर, गुरुमाहिसानी तथा चाकुलिया-बुरामारा नई लाइन के लिए भूमि अधिग्रहण का काम अंतिम चरण में है। तीनों नई लाइनों के शुरू होने से झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के सांस्कृतिक संबंधों को मजबती मिलेगी और हजारों ग्रामीणों को रोज ट्रेन सेवा की सुविधा उपलब्ध होगी। नई लाइन से आपात स्थिति में ट्रेनों और मालगाड़ियों को निकालने का एक वैकल्पिक मार्ग भी तैयार होगा। टाटानगर-हिजली-बालेश्वर मार्ग पर यात्री ट्रेनों की लेटलतीफी हमेशा के लिए कम हो सकती है।

