प्वाइंट्समैन की पदोन्नति की राह आसान, चार ग्रेड में बंटा कैडर
रेलवे में प्वाइंट्समैन कर्मचारियों के लिए नई पदोन्नति व्यवस्था लागू की गई है। अब प्वाइंट्समैन ग्रेड-चार से ग्रेड-एक तक प्रमोशन की सीढ़ी होगी। प्रत्येक ग्रेड में प्रमोशन के लिए दो साल की सेवा अनिवार्य है। ग्रेड-चार के पदों पर सीधी भर्ती होगी, जिसमें शैक्षिक योग्यता दसवीं पास और आईटीआई की जरूरत है।

रेलवे में प्वाइंट्समैन कर्मचारियों के प्रमोशन की नई व्यवस्था लागू की गई है। रेलवे बोर्ड ने कैडर के पुनर्गठन के बाद चार ग्रेड में पदोन्नति की व्यवस्था तय की है। इसके तहत प्वाइंट्समैन ग्रेड-चार से ग्रेड-एक तक प्रमोशन की सीढ़ी बनाई गई है। प्रत्येक अगले ग्रेड में पदोन्नति के लिए कम से कम दो साल की निर्धारित सेवा पूरी करनी होगी। रेलवे बोर्ड के निर्देश के अनुसार प्वाइंट्समैन ग्रेड-चार को लेवल-एक, ग्रेड-तीन को लेवल-दो, ग्रेड-दो को लेवल-चार और ग्रेड-एक को लेवल-पांच में रखा गया है। ग्रेड-चार के पदों पर सीधी भर्ती होगी। इसके लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता दसवीं पास, आईटीआई, समकक्ष योग्यता या एनसीवीटी से प्राप्त नेशनल अप्रेंटिसशिप सर्टिफिकेट निर्धारित है।ग्रेड-चार
से ग्रेड-तीन, ग्रेड-तीन से ग्रेड-दो और ग्रेड-दो से ग्रेड-एक में प्रमोशन वरिष्ठता-सह-उपयुक्तता के आधार पर होगा। इसके लिए कर्मचारियों के सेवा रिकॉर्ड का आकलन किया जाएगा। प्रत्येक स्तर पर दो साल की निर्धारित सेवा अवधि पूरी करना अनिवार्य होगा। रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे और उत्पादन इकाइयों को नई व्यवस्था के अनुसार प्वाइंट्समैन कैडर के नियमों में संशोधन और उन्हें अपडेट करने का निर्देश दिया है। यह व्यवस्था आदेश जारी होने की तारीख से प्रभावी होगी।


