मेडिकल कॉलेज के नए प्राचार्य डॉ. पुष्पेंद्र सिंह ने संभाला कार्यभार
राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा के नए प्राचार्य डॉ. पुष्पेंद्र सिंह ने कार्यभार संभाला। उन्होंने मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्य सेवाओं को सुधारने और मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने का वादा किया। उनके प्रयासों में गरीब मरीजों को खासतौर पर विशेष चिकित्सा सेवाएं प्रदान करना शामिल है।
तिर्वा, संवाददाता। राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा को नए प्राचार्य के रूप में डॉ. पुष्पेंद्र सिंह मिले हैं। सैफई मेडिकल कॉलेज के फॉरेंसिक विभाग में तैनात रहे डॉ. पुष्पेंद्र सिंह ने शुक्रवार को प्राचार्य पद का कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के बाद बातचीत में उन्होंने मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने तथा मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने को अपनी प्राथमिकता बताया। नए प्राचार्य ने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि इलाज के लिए आने वाले मरीजों को अनावश्यक रूप से दूसरे अस्पतालों के लिए रेफर न करना पड़े। मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध संसाधनों और विशेषज्ञ सेवाओं का बेहतर इस्तेमाल कर अधिक से अधिक मरीजों का उपचार यहीं किया जाएगा।
खासकर गरीब मरीजों को बेहतर और सुलभ इलाज उपलब्ध कराने पर विशेष जोर रहेगा। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में कैंसर और कार्डियोलॉजी जैसी महत्वपूर्ण चिकित्सा सेवाएं शुरू कराने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे, ताकि गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को उपचार के लिए दूसरे शहरों की दौड़ न लगानी पड़े। डॉ. पुष्पेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि मरीजों के इलाज और सेवाओं में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चिकित्सकों से मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने की अपील करते हुए कहा कि बेहतर व्यवहार से मरीजों का डॉक्टरों के प्रति विश्वास और सम्मान बढ़ेगा। इससे पहले उन्होंने मेडिकल कॉलेज के प्रमुख चिकित्सकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान सीएमएस डॉ. दिलीप सिंह, बाल रोग विभाग के डॉ. सोनेन्द्र समेत कई चिकित्सक मौजूद रहे।


