स्थायी लोक अदालत के नवनियुक्त अध्यक्ष ने ग्रहण किया पदभार
रामगढ़ में स्थायी लोक अदालत के नवनियुक्त अध्यक्ष बिरेन्द्र कुमार तिवारी ने पदभार ग्रहण किया। उन्होंने आम लोगों को त्वरित और नि:शुल्क न्याय उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। विवादों के समधान के लिए आपसी समझौते और सुलह पर जोर दिया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने सेवाओं के लाभ उठाने की अपील की।

रामगढ़, एक प्रतिनिधि। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में स्थायी लोक अदालत के नवनियुक्त अध्यक्ष बिरेन्द्र कुमार तिवारी ने शुक्रवार को पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव अनिल कुमार सहित न्यायिक पदाधिकारियों, स्थायी लोक अदालत के सदस्यों, अधिवक्ताओं, पारा लीगल वॉलंटियर्स और कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया। पदभार ग्रहण करने के बाद अध्यक्ष बिरेन्द्र कुमार तिवारी ने कहा कि स्थायी लोक अदालत के माध्यम से आम लोगों को सुलभ, त्वरित और निःशुल्क न्याय उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। जनोपयोगी सेवाओं से जुड़े विवादों का आपसी समझौते और सुलह के माध्यम से समाधान कराने पर विशेष जोर रहेगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने आम लोगों से स्थायी लोक अदालत की सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की। इससे विवादों का कम समय और कम खर्च में समाधान होने के साथ न्यायालयों में लंबित मामलों का बोझ भी कम होगा।


