सीएम कॉलेज में शुरू होंगे चार नए रोजगारपरक कोर्स

हिन्दुस्तान, दरभंगा
Follow us on Google News
share

ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय की अंगीभूत इकाई सीएम कॉलेज में चार नए व्यावहारिक प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों को मंजूरी मिली है। इन पाठ्यक्रमों के द्वारा छात्रों को बीए और बीकॉम डिग्री के साथ राष्ट्रीय प्रशिक्षण डिग्री मिलेगी, जिससे उन्हें रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

सीएम कॉलेज में शुरू होंगे चार नए रोजगारपरक कोर्स

राजीव रंजन झा,दरभंगा। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय की अंगीभूत इकाई सीएम कॉलेज, किलाघाट में इस वर्ष चार नए व्यावहारिक प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों को मंजूरी मिली है। नए शैक्षणिक सत्र में कॉलेज में चार नए डिग्री प्रोग्राम शुरू किए जा रहे हैं, जिनसे छात्रों को बीए और बीकॉम के साथ राष्ट्रीय प्रशिक्षण डिग्री भी मिलेगी, जो उन्हें रोजगार के सुनहरे अवसर प्रदान करेगी। यह जानकारी देते हुए सीएम कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. मुश्ताक अहमद ने बताया कि दरभंगा और आसपास के इलाकों के वैसे छात्र-छात्रा जो इस वर्ष बीए और बीकॉम के प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश लेना चाहते हैं, उनके लिए यह सुनहरा मौका है। इसके तहत सीएम कॉलेज में वाणिज्य एवं मानविकी संकाय के छात्र-छात्राओं के लिए चार नए कोर्स शुरू हो रहे हैं। वाणिज्य संकाय के साथ बीकॉम के साथ ई-कॉमर्स, बैंकिंग वित्तीय सेवा एवं इनसोर्सिंग (बीएफएसआई) एवं मानव संसाधन संचालन (एचआरओ) कर सकेंगे। मानविकी संकाय के छात्र-छात्राएं बीए के साथ कंटेंट एंड क्रिएटिव राइटिंग का कोर्स कर सकेंगे。

पाठ्यक्रमों के उद्देश्य

प्रधानाचार्य प्रो. अहमद ने बताया कि इन चार वर्षीय डिग्री कोर्स को शुरू करने का उद्देश्य उच्च शिक्षा संस्थानों में इस प्रकार की शिक्षा को बढ़ावा देना है। प्रो. अहमद ने विवि प्रशासन और विशेष रूप से कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी का आभार व्यक्त किया है कि उन्होंने सीएम कॉलेज को चार नए कोर्स दिए हैं, ताकि यहां के छात्र इसके पाठ्यक्रमों से लाभान्वित हो सकें। प्रो. अहमद ने छात्रों और उनके अभिभावकों से इस पाठ्यक्रम में दाखिला लेने का अनुरोध किया है, ताकि उन्हें पारंपरिक स्नातक डिग्री के साथ-साथ एक व्यावसायिक डिग्री भी मिल सके, जिससे उनकी रोजगार संबंधी समस्या का भी समाधान हो जाएगा।

कोर्स अनुमोदन की प्रक्रिया

गौरतलब है कि तीन जून को एलएनएमयू में आयोजित विद्वत परिषद की बैठक में इस प्रस्ताव को स्वीकृत किया गया था, जिसके बाद सिंडिकेट की मुहर भी प्रस्ताव पर लग चुकी है। इन चार कोर्स के अलावा तीन अन्य कोर्स सहित कुल सात नए कोर्स विवि के अलग-अलग कॉलेजों में शुरू किए जा रहे हैं, जिसका लाभ नए शैक्षणिक सत्र में नामांकन लेने वाले छात्र-छात्राओं को मिलेगा।

अन्य कॉलेजों में पाठ्यक्रम

मेजर विषय के अंतर्गत ई-कॉमर्स का संचालन सीएम कॉलेज के अलावा बीआरबी कॉलेज, समस्तीपुर में भी किया जाएगा। बैंकिंग वित्तीय सेवा एवं इनसोर्सिंग तथा मानव संसाधन संचालन कोर्स का संचालन बीआरबी कॉलेज और यूपी कॉलेज में भी किया जाएगा। कंटेंट एंड क्रिएटिव राइटिंग का संचालन यूपी कॉलेज और मिल्लत कॉलेज में भी होगा। इसके अलावा बीआरबी कॉलेज एवं यूपी कॉलेज में रिटेल ऑपरेशंस, आरबी कॉलेज एवं बीआरबी कॉलेज में डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक्स तथा मिल्लत कॉलेज एवं यूपी कॉलेज में हेल्थ केयर मैनेजमेंट पाठ्यक्रम भी शुरू होंगे।

राज्य सरकार का निर्णय

बिहार सरकार और लोकभवन, पटना ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति अंतर्गत अप्रेंटिसशिप एम्बेडेड डिग्री प्रोग्राम (एईडीपी) के अनुरूप यह निर्णय लिया है कि राज्य के ऐसे कॉलेज जो नैक से मूल्यांकित है, उन कॉलेजों में ये प्रोग्राम शुरू किए जायेंगे।

- प्रो. मुश्ताक अहमद, प्रधानाचार्य

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

सीएम कॉलेज में किस प्रकार के नए पाठ्यक्रमों को मंजूरी मिली है?
सीएम कॉलेज में चार नए व्यावहारिक प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों को मंजूरी मिली है, जिनमें ई-कॉमर्स, बैंकिंग वित्तीय सेवा एवं इनसोर्सिंग, मानव संसाधन संचालन और कंटेंट एंड क्रिएटिव राइटिंग शामिल हैं।

इस खबर पर आपकी क्या राय है?

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें