एसपी ने महराजगंज तराई थाने का किया निरीक्षण
नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह ने महराजगंज तराई थाना का औपचारिक निरीक्षण किया। उन्होंने महिला अपराध हेल्प डेस्क और अन्य कार्यालयों का जायजा लिया। एसपी ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि महिला अपराधों में लापरवाही न बरती जाए और शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाए।

महराजगंज तराई, संवाददाता। नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह ने रविवार को महराजगंज तराई थाना पहुंचकर औपचारिक निरीक्षण किया। थाना प्रभारी संतोष तिवारी समेत पुलिसकर्मियों ने एसपी को सलामी दी। इसके बाद उन्होंने थाने के विभिन्न कार्यालयों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एसपी ने सबसे पहले महिला अपराध से संबंधित हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया। उन्होंने महिला आरक्षी एवं बीट पुलिसकर्मियों से महिलाओं से जुड़े मामलों और रजिस्टरों के रखरखाव की जानकारी ली। इसके बाद सीसीटीएनएस कार्यालय, थाना कार्यालय और बैरक का निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि महिला अपराध से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
पीड़ित महिलाओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अपराध और अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने के साथ थाना परिसर की साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान देने को कहा। इस दौरान थाना प्रभारी संतोष तिवारी, इंस्पेक्टर बदरूदीन खां, उपनिरीक्षक नागेश्वर पटेल, अर्जुन यादव, राममोहन सिंह, अविनाश सिंह समेत महिला कांस्टेबल और अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

