भाजपा पदाधिकारियों का प्रोफाइल
भाजपा ने नई राष्ट्रीय टीम की नियुक्तियां की हैं जिसमें हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महामंत्री और रेखा वर्मा को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। प्रो. तारिक मंसूर, संगिता यादव और डा. भोला सिंह को भी महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्त किया गया है। अमरपाल मौर्या और कुंवर बसित अली को ओबीसी और अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है।

हरीश द्विवेदी-राष्ट्रीय महामंत्री अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से छात्र राजनीति शुरू की और विभिन्न पदों पर रहे। संघ से लगातार जुड़े रहे। पहले भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष और फिर 2010 से 2013 तक प्रदेश अध्यक्ष रहे। बस्ती सदर विधानसभा सीट से 2012 का चुनाव लड़ा मगर सफलता नहीं मिली। फिर 2014 और 2019 में बस्ती के सांसद रहे। 2024 के चुनाव में सफलता नहीं मिली। पहले राष्ट्रीय मंत्री रह चुके हैं। बिहार भाजपा के सह प्रभारी रहे। असम के प्रभारी की जिम्मेदारी है। हाल ही में पार्टी ने उन्हें राजस्थान में होने वाले स्थानीय निकाय चुनाव के लिए प्रभारी नियुक्त किया गया है। अब भाजपा का राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है。
रेखा वर्मा-राष्ट्रीय उपाध्यक्ष
यूपी के धौरहरा से दो बार सांसद रही हैं। करीब 53 वर्षीय रेखा वर्मा 2024 का लोकसभा चुनाव हार गई थीं। कुर्मी जाति से आने वाली रेखा वर्मा दोबारा भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाई गई हैं। अभी उनके पास संगठन की ओर से उत्तराखंड की सह प्रभारी का भी दायित्व है।
प्रो. तारिक मंसूर- राष्ट्रीय उपाध्यक्ष
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के अप्रैल 2023 तक कुलपति रहे हैं। फिर भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें एमएलसी बनाया। उसके बाद वे जेपी नड्डा की टीम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए। अब उन्हें दोबारा यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे पसमांदा मुस्लिम समाज से आते हैं।
संगीता यादव-राष्ट्रीय मंत्री
संगीता यादव 2013 में भाजपा से जुड़ीं। गोरखपुर जिले की चौरी-चौरा सीट से 2017 में विधायक चुनी गईं। उन्हें भाजपा महिला मोर्चा का राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया था। 2022 में सीट निषाद पार्टी के खाते में चली गई। फिर पार्टी ने उन्हें राज्यसभा भेजा था। हाल ही में उन्हें राजस्थान में होने वाले स्थानीय निकाय चुनाव के लिए सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। अब नई टीम में उन्हें राष्ट्रीय मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
डा. भोला सिंह-राष्ट्रीय मंत्री
बुलंदशहर के लगातार तीसरी बार सांसद हैं। खटीक जाति से आते हैं। गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष के करीबी माने जाते हैं। संघ के भी कई पदाधिकारियों से जुड़े हैं।
अमरपाल मौर्या-राष्ट्रीय अध्यक्ष ओबीसी मोर्चा
आरएसएस में मंडल कार्यवाह, जिला प्रचारक सहित विभिन्न पदों पर रहे। भाजपा में पहले प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, फिर प्रदेश मंत्री और उसके बाद दो बार प्रदेश महामंत्री बने। पूर्वांचल विकास बोर्ड के सदस्य रहे। 2022 का विधानसभा चुनाव रायबरेली की ऊंचाहार सीट से भाजपा के टिकट पर लड़े थे लेकिन हार गए। फिर 2024 में पार्टी ने उन्हें राज्यसभा भेजा। पहले उमा भारती के सहयोगी के रूप में काम किया। फिर यूपी में केशव मौर्य के साथ रहे। संघ में पकड़ है। अब उन्हें ओबीसी मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है।
कुंवर बसित अली- राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा
कुंवर बासित अली ने भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा में मंडल अध्यक्ष और जिलाध्यक्ष से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक का सफर तय किया है। वर्तमान में वे यूपी भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष थे। यूपी में मुस्लिम धर्मगुरुओं के बीच अच्छी पकड़ के साथ ही संगठन के भी प्रिय हैं। मुस्लिमों को जोड़ने के लिए कई नये प्रयोग लगातार किए हैं। अब पार्टी ने अल्पसंख्यक मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया है।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustan | Bureauहिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्यों सहित देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर (नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्करण प्रकाशित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपरि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद विस्तार से न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।
और पढ़ें

