सुपौल : आज से पूरे प्रदेश में ऑनलाइन बुकिंग से ही किसानों को मिलेगी खाद
सुपौल, रवि कुमार। सरकार ने खाद की कालाबाजारी रोकने और किसानों को भरपूर खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए नई पहल की है। रैयत और किसानों को ऑनलाइन एप्लीकेशन के माध्यम से खाद की उपलब्धता के लिए आवेदन करना होगा। यह पहल दो अक्टूबर से पूरे प्रदेश में अनिवार्य कर दी गई है।

सुपौल, रवि कुमार। खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाने और किसानों को जरूरत के अनुसार भरपूर खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराने को लेकर सरकार ने नई पहल की है। इसके अनुसार रैयत और किसानों को ऑनलाइन एप्लीकेशन के माध्यम से खाद की उपलब्धता के लिए आवेदन करना होगा। पहले चरण में विभाग की ओर से इसे पायलट प्रोजेक्ट के तहत शिवहर और शेखपुरा जिले में शुरू किया गया था। इसके बाद दूसरे चरण में फिर सुपौल समेत प्रदेश के 19 जिलों में इसे अनिवार्य किया गया था। और अब अंतत: सरकार की ओर से दो अक्टूबर से इसे पूरे प्रदेश में अनिवार्य कर दिया गया है। यानी अब तीन अक्टूबर से रैयत-किसानों को ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से ही खाद मिलेगी।
सरकारी पहल का उद्देश्य
सरकार की इस महत्वाकांक्षी पहल के बाद अब न सिर्फ किसानों को खेती के लिए समय पर भरपूर खाद मिल सकेगी, बल्कि खाद की कालाबाजारी पर भी रोक लग सकेगी। इसको लेकर जिला कृषि विभाग की ओर से तैयारी पूरी कर ली गई है। खाद की खरीद के लिए किसानों और रैयतों को ऑनलाइन बुकिंग करानी होगी। बुकिंग के दौरान उन्हें एप्लीकेशन पर नजदीकी खाद विक्रेता को चुनने का विकल्प मिलेगा। जब किसान खाद विक्रेता का चयन कर लेंगे तो सॉफ्टवेयर किसानों के खेत का कुल रकबा के हिसाब से जरूरी खाद की मात्रा तय करते हुए संबंधित विक्रेता के स्टॉक में उतनी खाद की मात्रा को ब्लॉक कर देगा। यहीं पर किसानों को आवेदन में यह भी जिक्र करना होगा कि खाद लेने वह खुद जाएंगे या फिर अपने किसी प्रतिनिधि को भेजेंगे। अगर वह खुद जाएंगे तो एप्लीकेशन में उनका आधार नंबर और अगर वह अपने प्रतिनिधि को भेजेंगे तो उनका आधार नंबर भी देना होगा। इस दौरान जब खाद की खरीदारी के लिए किसान उस विक्रेता के पास पहुंचेंगे तो बुकिंग के क्रम में उन्हें मिला टोकन नंबर या क्यूआर कोड विक्रेता को देना होगा। इसके बाद विक्रेता किसानों को संबंधित मात्रा में खाद उपलब्ध कराएंगे। किसानों को यहां ध्यान यह भी रखना होगा कि बुकिंग के तीन दिनों के अंदर अगर वह खाद की खरीदारी के लिए नहीं जाएंगे तो यह बुकिंग स्वत: तीन दिनों बाद रद्द हो जाएगी। इस बाबत जिला कृषि पदाधिकारी नीतीश कुमार भारती ने बताया कि चूंकि अभी शत प्रतिशत किसानों की फार्मर रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। ऐसे में फिलहाल एप्लीकेशन पर जरूरत के अनुसार खाद की मात्रा किसान अपडेट भी कर सकेंगे।
कहते हैं अधिकारी
दो अक्टूबर से पूरे प्रदेश में विभाग की ओर से खाद की ऑनलाइन बुकिंग अनिवार्य कर दी गई है। सरकार की इस पहल से खाद की कालाबाजारी पर रोक लगेगी और किसानों को समय पर उचित मात्रा में खाद की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी।
-नीतीश कुमार भारती, डीएओ (सुपौल)

