चार नई गन्ना किस्मों की खेती को कुशीनगर की मिट्टी उपयुक्त
कुशीनगर में गन्ना किसानों के लिए चार नई उच्च उपज वाली किस्मों को खेती के लिए स्वीकृति दी गई है। ये किस्में कुशीनगर की मिट्टी के लिए उपयुक्त मानी गई हैं। इनमें को.शा.23232 और को.लख.21201 अगेती हैं, जबकि को.शा.19235 और को.शा.18232 मध्य-देर से पकने वाली हैं। पुरानी किस्मों को अनुपयुक्त घोषित किया गया है।

कुशीनगर। गन्ना किसानों को अधिक उपज और बेहतर चीनी परता देने वाली उन्नत किस्मों का विकल्प उपलब्ध कराने के लिए चार नई गन्ना किस्मों को प्रदेश में खेती के लिए अवमुक्त किया गया है। इन सभी किस्मों की खेती के लिए कुशीनगर की मिट्टी पूरी तरह उपयुक्त पायी गयी है। जिला गन्ना अधिकारी हुदा सिद्दीकी ने बताया कि उत्तर प्रदेश गन्ना शोध परिषद शाहजहांपुर की विकसित को.शा.23232, को.शा.19235 और को.शा.18232 तथा भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान लखनऊ की को.लख.21201 को खेती के लिए अवमुक्त किया गया है। को.शा.23232 और को.लख.21201 अगेती, जबकि को.शा.19235 व को.शा.18232 मध्य-देर से पकने वाली किस्में हैं। को.शा.23232 की औसत उपज 95.56 टन प्रति हेक्टेयर पाई गई, जो को.0238 से 9.44 प्रतिशत अधिक है।
वहीं को.शा.19235 और को.शा.18232 की उपज मानक किस्म को.शा.767 से क्रमश: 21.01 और 26.51 प्रतिशत अधिक है।वहीं पुरानी और कम क्षेत्रफल में बोई जा रही छह किस्मों को.शा.95255, 97264, 96275, 97261, को.से.96436 और 98231 को अनुपयुक्त घोषित किया गया है। इन्हें अगले दो वर्षों में चरणबद्ध तरीके से अस्वीकृत किया जाएगा। नई किस्मों से किसानों को बेहतर उत्पादन का विकल्प मिलने की उम्मीद है।


