वाहनों की संख्या से तय होगी हाईवे की लेन और चौड़ाई
देश में बन रहे नए हाई-स्पीड राष्ट्रीय राजमार्ग अब एक तय डिजाइन और सुरक्षा व्यवस्था के तहत बनाए जाएंगे। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा नए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, जिनका उद्देश्य हाई-स्पीड राजमार्गों के डिजाइन और सुरक्षा में एकरूपता लाना है। सुरक्षा उपायों में प्रवेश नियंत्रण और आवारा पशुओं को रोकने के लिए दीवार का निर्माण भी शामिल है।

देश में बनने वाले नए हाई-स्पीड राष्ट्रीय राजमार्ग अब एक तय डिजाइन और सुरक्षा व्यवस्था के तहत बनाए जाएंगे। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने ऐसे राजमार्गों के डिजाइन और उनके विकास को लेकर नए दिशा-निर्देश जारी किए। इसके तहत सड़क की चौड़ाई और लेन की संख्या वहां से गुजरने वाले वाहनों की संख्या को ध्यान में रखकर तय की जाएगी। साथ ही, हाईवे पर वाहनों की आवाजाही बिना रुकावट जारी रखने और अनधिकृत प्रवेश रोकने के लिए भी कई सुरक्षा उपाय किए जाएंगे।
नई दिशा-निर्देशों का उद्देश्य
एनएचएआई के मुताबिक, नई दिशा-निर्देश का उद्देश्य हाई-स्पीड राष्ट्रीय राजमार्गों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने में एक समान नियम लागू करना है। अब तक एक्सप्रेसवे को छोड़कर ऐसे हाई-स्पीड राष्ट्रीय राजमार्गों के लिए अलग से कोई समान डिजाइन मानक नहीं था। अलग-अलग परियोजनाओं में अलग मानक अपनाए जा रहे थे। नए दिशा-निर्देशों से इन सभी हाईवे के डिजाइन और सुरक्षा व्यवस्था में एकरूपता आएगी।
ट्रैफिक के हिसाब से तय होगी सड़क की चौड़ाई
एनएचएआई के अनुसार, जिन मार्गों पर रोजाना 15 हजार तक वाहन गुजरने का अनुमान है, वहां 4-लेन हाईवे बनाए जाएंगे और सड़क की चौड़ाई 60 मीटर रखी जाएगी। इसमें पुल या अंडरपास जैसे काम भी 4-लेन में ही होंगे। वहीं, 25 हजार से 40 हजार वाहनों वाले 6-लेन हाईवे और इसके लिए भी 70 मीटर चौड़ाई तय की गई। हाईवे बनाने से पहले एनएचएआई यह देखेगा कि उस रास्ते पर अभी कितने वाहन चल रहे हैं और भविष्य में कितने वाहन चलने की संभावना है।
प्रवेश और निकास की पहले मिलेगी को जानकारी
हाईवे पर जहां से गाड़ी को चढ़ना या उतरना है, वहां पहुंचने से पहले ही ड्राइवर को साइन बोर्ड के जरिये काफी पहले बता दिया जाएगा कि आगे प्रवेश या निकास आने वाला है। इससे ड्राइवरों को लेन बदलने और गाड़ी धीमी करने का पर्याप्त समय मिलेगा। एक्सप्रेसवे, राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों के साथ-साथ महत्वपूर्ण सड़कों के मिलने वाली जगहों पर रैंप वाले इंटरचेंज बनाए जाएंगे, ताकि वाहन आसानी से और सुरक्षित तरीके से हाईवे पर चढ़ या उतर सकें। इसके अलावा बंदरगाह, हवाई अड्डे, लॉजिस्टिक्स पार्क, औद्योगिक क्षेत्रों और बड़े पर्यटन स्थलों को जोड़ने वाली प्रमुख सड़कों पर भी ऐसे इंटरचेंज बनाए जाएंगे।
आवारा पशुओं को रोकने के लिए बनाई जाएगी दीवार
हाई-स्पीड कॉरिडोर पर बिना अनुमति किसी वाहन या व्यक्ति के प्रवेश और आवारा पशुओं के आने की समस्या को रोकने के लिए सड़क के बाहरी किनारे पर एक मीटर ऊंची दीवार बनाई जाएगी। एनएचएआई का कहना है कि इससे प्रवेश नियंत्रण मजबूत होगा और हाईवे पर सुरक्षा बढ़ेगी।

