भोजपुर के चार प्रखंडों में खुले राजकीय डिग्री कॉलेजों का शुभारंभ, स्नातक की पढ़ाई शुरू

हिन्दुस्तान, आरा
Follow us on Google News
share

बिहार के भोजपुर जिले में चार नए राजकीय डिग्री कॉलेजों का उद्घाटन किया गया। यह कॉलेज उच्च शिक्षा को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए स्थापित किए गए हैं। स्नातक कक्षाओं का संचालन प्रारंभ हो चुका है। उद्घाटन समारोह में मंत्री एवं विश्वविद्यालय के अधिकारी शामिल हुए।

भोजपुर के चार प्रखंडों में खुले राजकीय डिग्री कॉलेजों का शुभारंभ, स्नातक की पढ़ाई शुरू

-चरपोखरी राजकीय डिग्री कॉलेज में जिले के प्रभारी मंत्री अरुण शंकर प्रसाद और कुलपति हुए शामिल -संदेश राजकीय डिग्री कॉलेज में विधायक राधाचरण साह रहे मौजूद आरा, निज प्रतिनिधि। बिहार में उच्च शिक्षा को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने की दिशा में बुधवार को महत्वपूर्ण पहल की गई। भोजपुर जिले के चरपोखरी, संदेश, अगिआंव और सहार प्रखंडों में स्थापित राजकीय डिग्री कॉलेजों का विधिवत उद्घाटन हुआ। यहां स्नातक (सत्र 2026-30) की कक्षाओं का संचालन शुरू कर दिया गया। भोजपुर के अलावा बक्सर, रोहतास और कैमूर के राजकीय डिग्री कॉलेजों का उद्घाटन हुआ। मालूम हो कि वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय अंतर्गत 15 राजकीय डिग्री कॉलेज स्थापित हुए हैं। मौके पर समारोह का आयोजन हुआ। चरपोखरी राजकीय डिग्री कॉलेज में जिले के प्रभारी मंत्री अरुण शंकर प्रसाद, वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. शैलेन्द्र कुमार चतुर्वेदी और प्राचार्य प्रो. प्रसुंजय कुमार सिन्हा सहित कई लोग उपस्थित रहे।

संदेश राजकीय डिग्री कॉलेज उद्घाटन

संदेश राजकीय डिग्री कॉलेज में विधायक राधा चरण साह, छात्र कल्याण अध्यक्ष प्रो. ओपी राय, प्राचार्य डॉ. राजू मोची और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद थे। अगिआंव राजकीय कॉलेज में कुलसचिव प्रो. रामकृष्ण ठाकुर, प्राचार्य प्रो. दूधनाथ चौधरी, प्रमुख मुकेश यादव एवं मुखिया मंटू सिंह ने कार्यक्रम में भाग लिया। वहीं सहार राजकीय डिग्री कॉलेज में शिक्षाविद् प्रो. राम बहादुर शर्मा, परीक्षा नियंत्रक डॉ. लाल बाबू सिंह और प्राचार्य प्रो. विकास चंद्रा उपस्थित रहे। उद्घाटन समारोह में विश्वविद्यालय के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन और स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी रही। नए कॉलेजों में पहले शैक्षणिक सत्र से हिन्दी, अंग्रेजी, इतिहास, राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र और समाजशास्त्र विषयों में स्नातक स्तर की पढ़ाई शुरू की गई है। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण और दूरदराज के विद्यार्थियों को उनके अपने प्रखंड में ही गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें पढ़ाई के लिए शहरों का रुख न करना पड़े।

प्रभारी मंत्री का उद्घाटन समारोह

प्रभारी मंत्री ने किया चरपोखरी डिग्री कॉलेज का उद्घाटन, डिजिटल माध्यम से जुड़े मुख्यमंत्री चरपोखरी। क्षेत्र के नवस्थापित चरपोखरी राजकीय डिग्री कॉलेज में बुधवार से विधिवत पठन-पाठन का कार्य शुरू हो गया। इस अवसर पर कॉलेज परिसर में उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिले के प्रभारी मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने की। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि बिहार सरकार के श्रम संसाधन सह श्रमिक कल्याण मंत्री सह जिले के प्रभारी मंत्री अरुण शंकर प्रसाद, वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शैलेन्द्र कुमार चतुर्वेदी एवं अन्य गणमान्य अतिथियों की ओर से संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर की गई। समारोह के दौरान बिहार के मुख्यमंत्री ने भागलपुर से डिजिटल माध्यम से जुड़कर बिहार के सभी 211 नवनिर्मित महाविद्यालयों का ऑनलाइन उद्घाटन किया, जिसका सीधा प्रसारण कॉलेज परिसर में लगी बड़ी स्क्रीन पर दिखाया गया। इसी कड़ी में प्रभारी मंत्री और कुलपति की ओर से महाविद्यालय में लगे शिलापट्ट का पर्दा हटा कर अनावरण किया गया और परिसर में पौधरोपण भी किया गया। प्रभारी मंत्री ने कहा कि अब प्रखंड के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए अन्य जगह नहीं जाना पड़ेगा। बिहार सरकार उच्च शिक्षा के बेहतरी के लिए संकल्पित है। कुलपति प्रो शैलेन्द्र कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि इससे ग्रामीण इलाकों में शिक्षा का स्तर सुधरेगा। विद्यार्थियों को काफी सहूलियत मिलेगी। प्रभारी प्राचार्य प्रसुंजय कुमार सिन्हा ने कहा कि इस कॉलेज के शुरू होने से स्थानीय और ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को अब उच्च शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे क्षेत्र में शिक्षा का स्तर सुधरेगा। संचालन मनोज कुमार साह ने किया। समारोह में मुख्य रूप से अगियांव विधायक महेश पासवान, उप विकास आयुक्त अरुण प्रकाश, डीईओ मानवेंद्र कुमार राय, डीपीओ नाजिश अली सहित जिला और प्रखंड स्तर के कई आला अधिकारी, एसडीओ के के उपाध्याय, प्रखंड प्रमुख रामचंद्र सिंह, बीडीओ बिमलादित्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

_EDUCATIONAL ADMISSIONS_

किस कॉलेज में कितना हुआ है एडमिशन राजकीय डिग्री कॉलेजों का उद्घाटन होने के साथ ही बुधवार से सभी कॉलेजों में नियमित कक्षाओं का संचालन शुरू हो गया। पहले दिन विद्यार्थियों की उपस्थिति कहीं संतोषजनक रही तो कहीं अपेक्षाकृत कम देखने को मिली। कम उपस्थिति का प्रमुख कारण अब तक सभी निर्धारित सीटों पर नामांकन नहीं होना बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, चारों राजकीय डिग्री कॉलेजों में छह विषयों के लिए कुल 288 सीटें निर्धारित हैं, लेकिन अब तक सभी सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। नामांकन के आंकड़ों पर नजर डालें तो संदेश राजकीय डिग्री कॉलेज में 82, अगिआंव राजकीय डिग्री कॉलेज में 75, चरपोखरी राजकीय डिग्री कॉलेज में 86 और सहार राजकीय डिग्री कॉलेज में केवल 38 विद्यार्थियों का नामांकन हुआ है। कॉलेज प्रशासन को उम्मीद है कि नामांकन प्रक्रिया आगे बढ़ने के साथ विद्यार्थियों की संख्या और उपस्थिति में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

नियमित कक्षाओं का संचालन

नियमित क्लास संचालन पर दिया गया जोर उद्घाटन के बाद विद्यार्थियों को नियमित रूप से क्लास करने पर जोर दिया गया। पहले दिन सिर्फ कॉलेज और पठन-पाठन पर बताया गया। राजकीय डिग्री कॉलेजों के प्राचार्यों ने कहा कि जिस उद्देश्य के लिए कॉलेज खुला है, वह तभी साकार होगा जब विद्यार्थी नियमित रूप से क्लास आयेंगे।

शिक्षकों की कमी

शिक्षकों की अभी कमी राजकीय डिग्री कॉलेजों के उद्घाटन के बाद जब आधारभूत संरचना और शिक्षकों की पड़ताल की गई तो कई बातें निकलकर सामने आई। मालूम हो कि राजकीय डिग्री कॉलेजों में वर्तमान में अंगीभूत महाविद्यालयों के विभिन्न विषयों में कार्यरत सहायक प्राध्यापकों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसमें संदेश राजकीय डिग्री कॉलेज में पांच, अगिआंव में पांच, चरपोखरी में छह शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति हुई हैं । सभी विषयों में फिलहाल एक- एक शिक्षक हैं। उद्घाटन के मौके पर सभी मौजूद थे। वहीं सहार राजकीय डिग्री कॉलेज में तीन शिक्षक की प्रतिनियुक्ति हुई है। इसमें उद्घाटन के मौके पर मात्र अंग्रेजी के सहायक प्राध्यापक डॉ नावरून घोष ही उपस्थित थे। प्राचार्य प्रो विकास चंद्रा ने बताया कि दो शिक्षक जिनकी प्रतिनियुक्ति हुई है, वे योगदान नहीं कर पाए हैं। वे मेडिकल अवकाश पर हैं। अगले माह तक शिक्षकों की होगी प्रतिनियुक्ति बता दें कि राजकीय डिग्री कॉलेजों के लिए बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग की ओर से संविदा पर सहायक प्राध्यापक की नियुक्ति की जा रही है। नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर तेजी से कार्य हो रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि अगस्त प्रथम सप्ताह तक संविदा पर नियुक्त शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति राजकीय डिग्री कॉलेजों में विषयवार की जाएगी। इसके बाद शिक्षकों की कमी दूर हो जायेगी।

नियमित प्रश्न

बिहार में कितने नए राजकीय डिग्री कॉलेज खोले गए हैं?
बिहार में चार नए राजकीय डिग्री कॉलेज खोले गए हैं।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsNational Newsभोजपुर के चार प्रखंडों में खुले राजकीय डिग्री कॉलेजों का शुभारंभ, स्नातक की पढ़ाई शुरू