15 अक्टूबर से मिठाईयों पर लिखी जाएगी एक्सपायरी डेट
खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाई दुकानदारों पर शिकंजा कस दिया है। अब मिठाई की एक्सपायरी डेट अंकित करना अनिवार्य होगा। यह नियम 15 अक्टूबर से लागू होगा। खुली मिठाइयों की बिक्री को लेकर अब दुकानदारों को चेतावनी दी जा रही है। ग्राहकों को मिठाई की बासी और खराब स्थिति के बारे में जानकारी देने की आवश्यकता है।

बस्ती, निज संवाददाता। त्योहारों पर एक महीने से पहले से मिठाई बनाकर डंप करने और त्योहार पर बिक्री करने वाले दुकानदारों पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने शिकंजा कस दिया है। मिठाई के दुकानदार अब आपको बासी और खराब मिठाइयां नहीं बेच पाएंगे। ग्राहकों के दुकान पर जाने के बाद वह खुद बताएंगे कि आप कब तक मिठाई का इस्तेमाल कर सकते हैं। दुकान में बिक्री के लिए प्रदर्शित या भंडारित मिठाइयों पर उन्हें यूज बाई डेट अंकित करना अनिवार्य होगा। 15 अक्तूबर से यह नया नियम पूरे प्रदेश में लागू होने जा रहा है। इसके लिए शासन की तरफ से खाद्य सुरक्षा विभाग को पत्र जारी किया गया है। अब विभाग की तरफ से खुली मिठाइयों की बिक्री करने वाले दुकानदारों और बड़ी दुकानों को इसके निर्देश जारी किए जा रहे हैं।
नए नियमों का कार्यान्वयन
आमतौर पर मिठाई के उपभोग की तिथि उसकी प्रकृति के अनुसार एक दिन से लेकर एक महीने होती है। अब तक पैक्ड मिठाइयों में एक्सपायरी डेट अंकित किया जाना अनिवार्य है, लेकिन खुली मिठाइयों के संदर्भ में कोई अनिवार्य प्रावधान नहीं है। बड़ी दकानों पर खली मिठाई की बिक्री के समय उसके निर्माण और खराब होने की तिथि के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी जाती है। अक्सर दुकानदार इसका फायदा उठाते हैं और ग्राहकों को खराब मिठाइयां भी बेच देते हैं। अब नया नियम लागू होने के बाद दुकानदारों को दुकान में बेचने के लिए रखी गईं मिठाइयों की एक्सपायरी डेट भी प्रदर्शित करनी होगी।
ग्राहकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा
अभिहित अधिकारी चितरंतन सिंह ने बताया कि शासन का पत्र मिलने के बाद अब खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग मिठाई दुकानदारों को जागरूक करने में जुट गया है। उन्होंने यह बताया जा रहा है कि ग्राहकों को मिठाई बेचते समय उसकी एक्सपायर तिथि के बारे में बताना उनके स्वास्थ्य हित को देखते हुए जरूरी है। साथ ही दुकानदारों को चेताया जा रहा है कि 15 अक्तूबर से ऐसा न करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

