डिम्पी गर्ग ने संभाली पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक की कमान
धनबाद में, डिम्पी गर्ग ने पूर्व मध्य रेल के नए महाप्रबंधक के रूप में कार्यभार संभाला। इससे पहले, वे उत्तर रेलवे में प्रधान मुख्य यांत्रिक अभियंता थे। गर्ग भारतीय रेल यांत्रिक इंजीनियरिंग सेवा के 1990 बैच के अधिकारी हैं और उनके पास रेलवे में 32 वर्षों का अनुभव है।

धनबाद, मुख्य संवाददाता। पूर्व मध्य रेल के नए महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग ने मंगलवार को ईसीआर की कमान संभाल ली। इससे पहले वे उत्तर रेलवे नई दिल्ली में प्रधान मुख्य यांत्रिक अभियंता के पद पर पदस्थापित थे। वे भारतीय रेल यांत्रिक इंजीनियरिंग सेवा के 1990 बैच के एक अधिकारी हैं। गर्ग स्पेशल क्लास रेलवे अप्रेंटिसशिप (एससीआरए) से भारतीय रेल सेवा में आए। वे अपने बैच के टॉपर और गोल्ड मेडलिस्ट थे। 32 वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ गर्ग ने रेलवे के बुनियादी ढांचे के निर्माण, रोलिंग स्टॉक, परिचालन, संरक्षा, प्लानिंग एवं पॉलिसी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने तत्कालीन पश्चिम रेलवे के आबु रोड में एएमई/डीजल के रूप में उन्होंने रेलसेवा शुरू की।
उसके बाद उत्तर रेलवे तथा रेलवे बोर्ड में विभिन्न पदों पर कार्य करते हुए अपनी महत्वपूर्ण सेवा दे चुके हैं। उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल में वे वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर, एडीआरएम तथा मंडल रेल प्रबंधक के साथ ही उत्तर रेलवे मुख्यालय में प्रधान मुख्य संरक्षा अधिकारी तथा प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियर के रूप में भी कार्य किया है।


