मुख्य विषय के सिलेबस तैयार करने में टीएमबीयू के एक भी शिक्षक नहीं
संशोधित स्नातक चार वर्षीय कोर्स के आठवें सेमेस्टर का तैयार होगा सिलेबस सिलेबस स्नातक सत्र

भागलपुर, वरीय संवाददाता। राज्य के विश्वविद्यालयों में संचालित स्नातक चार वर्षीय कोर्स के आठवें सेमेस्टर का सिलेबस तैयार किया जाएगा। इसके लिए तैयारी शुरू कर दी गई है, लेकिन सबसे बड़ी बात है कि लोकभवन द्वारा तय सिलेबस के विषय एक्सपर्ट में टीएमबीयू के एक भी शिक्षकों का नाम मुख्य विषयों के एक्सपर्ट में नहीं है। केवल अंगिका, एंथ्रोपोलॉजी, अंबेडकर थाउट, गांधियन थाउट में शिक्षकों का नाम शामिल है। रूरल इकोनॉमिक्स के लिए टीएमबीयू द्वारा एक्सपर्ट का नाम तय किया जाएगा। 46 विषयों के लिए स्नातक सेमेस्टर-8 का सिलेबस तैयार करने के लिए सूची जारी की गई है। यह सिलेबस स्नातक सत्र : 2023-27 के आठवें सेमेस्टर से लागू कर दिया जाएग।
लोकभवन ने टीएमबीयू सहित राज्य के सभी विवि के कुलपतियों को इसको लेकर विशेष रूप से निर्देशित किया है। लोकभवन के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह ने कुलपति को जारी निर्देश में कहा है कि वे अपने यहां के विषय विशेषज्ञों से तैयार कराने की प्रक्रिया करें।दरअसल, शुक्रवार को लोकभवन ने विषय विशेषज्ञों के साथ ऑनलाइन मोड में बैठक की थी। इसमें विशेषज्ञों को जानकारी दी गई कि किन विषयों का सिलेबस तैयार करना है। इसे तैयार करने का आधार, अंकों की जानकारी आदि देनी थी। विशेषज्ञों को 16 और 17 जुलाई को लोकभवन को सिलेबस उपलब्ध कराना है, ताकि आगे की प्रक्रिया हो सके। सिलेबस को यूजीसी के सीबीसीएस नियमों के अनुरूप तैयार करने को कहा है। यह चार ग्रेड प्वाइंट के तीन पेपर के लिए बनेगा। यह पेपर ऐसे विद्यार्थियों के लिए होगा, जिन्होंने अब तक हुए तीन वर्ष के कोर्स को 7.5 सीजीपीए से कम स्कोर के साथ पूरा किया है और चौथे वर्ष में नामांकन लेना चाहते हैं।


