बीएचयू में छात्र समस्याओं के समाधान को नई कमेटी
बीएचयू परिसर में छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए नई कमेटी का गठन किया गया है। प्रो. एसएम सिंह को अध्यक्ष बनाया गया है। यह समिति छात्रों की सामूहिक शिकायतों को सुनकर उनके समाधान का कार्य करेगी। समिति सुरक्षा, खेल, नेटवर्क, शैक्षणिक नियम, छात्रावास आदि मामलों पर ध्यान देगी।

वाराणसी, प्रमुख संवाददाता। बीएचयू परिसर में छात्रों की समस्याओं के बेहतर ढंग से समाधान के लिए नई कमेटी का गठन किया गया है। कोऑर्डिनेशन कमेटी ऑन स्टूडेंट मैटर्स (सीसीएसएम) का अध्यक्ष लोकपाल का दायित्व निभा रहे प्रो. एसएम सिंह को बनाया गया है। कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने समिति में मनोविज्ञान विभाग के प्रो. राकेश पांडेय, पूर्व चीफ प्रॉक्टर प्रो. एसपी सिंह और पूर्व छात्र अधिष्ठाता प्रो. एके नेमा को सदस्य नामित किया है। समिति का कार्यकाल प्रारंभिक रूप से अधिसूचना की तारीख से एक वर्ष निर्धारित किया गया है, जिसे आवश्यकता के अनुसार बढ़ाया जा सकता है। समिति का काम छात्रों की सामूहिक शिकायतों को सुनना और उनके समाधान का रास्ता बनाना होगा।
इनमें सुरक्षा, खेल मैदान, नेटवर्क कनेक्टिविटी, रखरखाव, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, पार्क, परिसर में वाहनों का संचालन, शैक्षणिक नियम, परीक्षा संबंधी मामले, छात्रावासों में मेस की व्यवस्था, पेयजल, उद्यान, अनुशासन सहित अन्य विषय शामिल होंगे। समिति संबंधित छात्र समूहों के साथ संवाद कर उनकी वास्तविक समस्याओं और मांगों को समझेगी। इसके बाद विश्वविद्यालय के संबंधित कार्यालयों, विभागों, संकायों और संस्थानों से संपर्क कर समस्याओं के समाधान की दिशा में पहल करेगी। सूचना के आदान-प्रदान में किसी प्रकार की त्रुटि, कमी या भ्रम की स्थिति को दूर करना भी समिति की जिम्मेदारी होगी। समिति जरूरत पड़ने पर विश्वविद्यालय के विभिन्न पक्षों के बीच मध्यस्थता करेगी और छात्रों के दृष्टिकोण से विश्वविद्यालय की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए उचित सुझाव देगी। समस्याओं के समाधान में शिक्षकों, शोध-निर्देशकों, वार्डनों, प्रॉक्टोरियल बोर्ड, विभागाध्यक्षों और डीन की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। जरूरत पड़ने पर समिति अपनी सिफारिशें कुलपति के विचारार्थ प्रस्तुत करेगी।दूसरी तरफ, एक अन्य आदेश में कुलपति ने बीएचयू की अनुशासनात्मक समिति का भी पुनर्गठन किया है। समिति की अध्यक्ष प्रो. रॉयना सिंह रहेगी। इसके अलावा प्रो. बीसी कापरी, प्रो. तुषार सिंह और प्रो. कल्याण घड़ेई को सदस्य बनाया गया है।

