अल्मोड़ा के चिराग ने 4 घंटे 17 मिनट में पूरी की 42 किमी की दौड़
हल्द्वानी के चिराग उप्रेती ने लद्दाख मैराथन को सफलतापूर्वक पूरा किया। उन्होंने 11,500 फीट की ऊंचाई पर 42.195 किलोमीटर दौड़ सिर्फ 4 घंटे 17 मिनट में पूरी की। इस प्रतिस्पर्धा के लिए चिराग ने 20 हफ्तों की ट्रेनिंग ली, जिसमें मानसिक दृढ़ता और शारीरिक स्टेमिना की बड़ी भूमिका रही।
हल्द्वानी। न्यूयॉर्क स्थित कोलंबिया यूनिवर्सिटी में कार्यरत न्यूरोसाइंटिस्ट चिराग उप्रेती ने देश की सबसे चुनौतीपूर्ण लद्दाख मैराथन सफलतापूर्वक पूरी कर इतिहास रच दिया है। मूल रूप से अल्मोड़ा जिले के खेती गांव निवासी और शेरवुड कॉलेज नैनीताल के पूर्व छात्र चिराग ने 11,500 फीट की ऊंचाई और कम ऑक्सीजन की विषम परिस्थितियों में 42.195 किलोमीटर की मैराथन 4 घंटे 17 मिनट में पूरी की। विश्व की सबसे कठिन रोड मैराथन मानी जाने वाली इस दौड़ के लिए चिराग ने 20 हफ्तों की कड़ी ट्रेनिंग ली थी। 11 दिन पहले लेह पहुंचकर उन्होंने वहां के वातावरण के अनुकूल खुद को ढाला। हैदराबाद से आए उनके भाई संकेत उप्रेती ने लॉजिस्टिक्स संभालकर पूरा सहयोग दिया।
सुबह 6 बजे कड़ाके की ठंड में शुरू हुई इस दौड़ में असली इम्तिहान 35 किलोमीटर के बाद आया, जब शरीर के पूरी तरह थकने के बावजूद उन्हें लेह शहर की ओर आखिरी 6 किलोमीटर की सीधी चढ़ाई चढ़नी पड़ी। चिराग ने अपने तय लक्ष्य 4 घंटे 30 मिनट से भी कम समय में फिनिश लाइन पार कर ली। चिराग का कहना है कि यह मैराथन केवल शारीरिक स्टेमिना नहीं, बल्कि मानसिक दृढ़ता और चरित्र की परीक्षा थी।

