भांजे ने नए कारोबार में निवेश का झांसा दे एक करोड़ ठगे
एक भांजे ने अपने मामा से नए व्यवसाय के नाम पर एक करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की है। पीड़ित ने कोर्ट की मदद से पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। भांजे ने मामा को भरोसा दिलाया था कि उनके निवेश पर मोटा मुनाफा होगा, लेकिन अंत में उन्होंने धोखा दिया और रकम गबन कर ली।

एक भांजे ने अपने सगे मामा को नए व्यवसाय में भारी मुनाफे का सब्जबाग दिखाकर एक करोड़ रुपये से अधिक ठग लिए। मामले में पुलिस के कार्रवाई न किए जाने पर पीड़ित कोर्ट पहुंचे। कोर्ट के आदेश पर राजपुर थाने में शनिवार को आरोपी भांजे के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। दून डिवाइन एन्क्लेव आईटी पार्क निवासी 55 वर्षीय रविंद्र सिंह ने कोर्ट में अपील की। कहा कि उनके सगे भांजे सिद्धार्थ बख्शी उर्फ हनी ने उनके साथ बड़ी धोखाधड़ी की है। ओल्ड कनॉट प्लेस निवासी सिद्धार्थ ने उन्हें विश्वास दिलाया था कि वह एक नया व्यवसाय शुरू कर रहा है।
जिसमें निवेश करने पर उन्हें मोटा मुनाफा होगा। भांजे की बातों में आकर रविंद्र सिंह ने 28 जून 2021 से 3 फरवरी 2022 के बीच विभिन्न बैंक खातों में 84.94 लाख रुपये ट्रांसफर किए। इसके अलावा 5 लाख रुपये चेक और 20 लाख रुपये नकद भी दिए। जब पीड़ित ने मुनाफे और अपनी मूल रकम का हिसाब मांगा तो आरोपी टालमटोल करने लगा और बाद में पीड़ित का नंबर ही ब्लॉक कर दिया। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उनके बड़े भाई सुरेंद्र सिंह से भी 55.77 लाख रुपये ठगे हैं। इसके अतिरिक्त, आरोपी ने धोखे से संपत्ति की पावर ऑफ अटॉर्नी अपने नाम कराकर उसका एक हिस्सा बेच दिया और पूरी रकम खुद गबन कर ली। पीड़ित के अनुसार उन्होंने इस मामले की शिकायत आईटी पार्क चौकी, राजपुर थाने, एसएसपी कार्यालय और 6 अप्रैल 2026 को मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी की। पुलिस ने कोई भी प्रभावी कार्रवाई नहीं की। इसके बाद कोर्ट ने मामले में केस दर्ज करने का आदेश दिया। राजपुर एसओ पीडी भट्ट ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

