परमान नदी खतरे के निशान से ऊपर, बायसी के कई गांवों में बढ़ी बाढ़ की आशंका

हिन्दुस्तान, पूर्णिया
Follow us on Google News
share

नेपाल के तराई क्षेत्रों में लगातार बारिश के चलते परमान नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर जा पहुंचा है। बाढ़ के खतरे के कारण स्थानीय ग्रामीण चिंतित हैं। प्रशासन ने स्थिति की निगरानी बढ़ा दी है और नदियों के जलस्तर पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

परमान नदी खतरे के निशान से ऊपर, बायसी के कई गांवों में बढ़ी बाढ़ की आशंका

बायसी, एक संवाददाता। नेपाल के तराई क्षेत्रों और ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के बाद परमान नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि होने से बायसी प्रखंड क्षेत्र के नदी किनारे बसे गांवों के लोगों में बाढ़ को लेकर दहशत का माहौल व्याप्त है। हालांकि महानंदा और कनकई नदी के जलस्तर में कमी रहने के कारण फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बनी हुई है। जानकारी के अनुसार आसजा मवैया पंचायत के बड़ा रहुआ, मवैया, मथुरापुर, सोती टोला, पहाड़िया, खुटिया, दोघड़िया सहित कई गांवों के निचले इलाकों में परमान नदी का पानी फैलने लगा है। खेतों और नदी किनारे की जमीनों पर पानी पहुंचने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। लोगों को आशंका है कि यदि नदी का जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो स्थिति गंभीर हो सकती है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष बरसात के मौसम में परमान नदी का जलस्तर बढ़ने पर बाढ़ का खतरा उत्पन्न हो जाता है। इस बार भी नदी के उफान पर आने से लोग अपने घरों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। कई परिवारों ने एहतियातन जरूरी सामान सुरक्षित स्थानों पर रखना शुरू कर दिया है। नदी के किनारे बसे इलाकों में कटाव का भी खतरा बना हुआ है.

फसलों के नुकसान की आशंका:

जलस्तर में वृद्धि के कारण लोग लगातार नदी की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। वहीं किसानों को भी फसलों के नुकसान की आशंका सताने लगी है। हालांकि राहत की बात यह है कि महानंदा और कनकई नदी का जलस्तर फिलहाल कम है, जिसके कारण परमान नदी का अतिरिक्त पानी इन नदियों में प्रवाहित हो रहा है। इससे अभी तक बड़े पैमाने पर जलजमाव की स्थिति नहीं बनी है। बावजूद इसके प्रशासन और ग्रामीण पूरी तरह सतर्क हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बाढ़ प्रभावित संभावित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने, तटबंधों का निरीक्षण करने तथा आपदा से निपटने की अग्रिम तैयारी सुनिश्चित करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाने से संभावित बाढ़ की स्थिति में नुकसान को कम किया जा सकता है। एसडीएम अभिषेक रंजन ने बताया कि अनुमंडल क्षेत्र में प्रशासन द्वारा नदियों के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है। परमान नदी के जलस्तर में वृद्धि हो रही वहीं महानंदा एवं कनकई नदी के जलस्तर में कमी जारी है। प्रशासन 24 घंटा जलस्तर एवं नदी कटाव की निगरानी कर रहा है।

सामान्य प्रश्न

✦परमान नदी का जलस्तर क्यों बढ़ रहा है?−
परमान नदी का जलस्तर नेपाल के तराई क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण बढ़ रहा है।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsNational Newsपरमान नदी खतरे के निशान से ऊपर, बायसी के कई गांवों में बढ़ी बाढ़ की आशंका