सरयू नदी में उफान से बंद हुई नाव सेवा, प्रशासन ने लगाई रोक
नेपाल में हुई बारिश के कारण सरयू नदी का स्तर बढ़ा है, जिसके चलते दरौली और यूपी के खरीद घाट के बीच यात्री नाव परिचालन पर रोक लगा दी गई है। इससे यात्रियों को परेशानी हुई है। प्रशासन ने बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा निर्देश जारी किए हैं।

दरौली, एक संवाददाता। नेपाल में हुई बारिश की वजह से सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण डीएम के निर्देश पर मंगलवार को सीओ विद्याभूषण भारती व थानाध्यक्ष अभिनव कुमार दुबे ने नाव संचालकों के साथ बैठक किया। बैठक के दौरान सुरक्षा को देखते हुए दरौली व यूपी के खरीद घाट के बीच यात्री नाव परिचालन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। बाढ़ की स्थिति और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नाव संचालकों को यात्रियों को लेकर सरयू पार नहीं कराने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन के आदेश के बाद दरौली व खरीद घाटके बीच चलने वाली नियमित नाव सेवा बंद हो गई है। इससे दोनों ओर रोजाना आवागमन करने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।
बढ़ते जलस्तर से तटीय इलाकों में बढ़ा खतरा
सरयू नदी का जलस्तर में लगातार बढ़ने से दरौली के तटीय और निचले इलाकों में पानी फैलने लगा है।कई क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा बना हुआ है।तेज बहाव और बढ़ते जलस्तर के बीच नाव से यात्रियों को नदी पार कराना जोखिम भरा हो सकता है। इसी को देखते हुए प्रशासन ने किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए यात्री नाव परिचालन पर तत्काल रोक लगाने का निर्णय लिया है।
रोजाना बड़ी संख्या में होता है आवागमन
दरौली और ख़रीद के बीच नाव सेवा लोगों के आवागमन का महत्वपूर्ण साधन है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री नाव के माध्यम से दोनों ओर आते-जाते हैं। नाव सेवा बंद होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि प्रशासन का कहना है कि वर्तमान परिस्थितियों में लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सीओ ने कहा- आदेश का पालन करें नाव संचालक
सीओ विद्याभूषण भारती ने बताया कि गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए राजमहल-मानिकचक के बीच नाव से यात्रियों को ले जाने पर रोक लगाई गई है।नाव संचालकों को प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बाढ़ की स्थिति में सरयू पार करने का प्रयास न करें और प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील
अंचल प्रशासन ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सावधानी बरतने को कहा है। जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और केवल प्रशासन की आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की गई है। प्रशासन और संबंधित विभाग नदी के जलस्तर पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।


