गोरखपुर से काठमांडू पहुंचे दो भारतीय समेत तीन गांजे के साथ गिरफ्तार
नेपाल में हवाई मार्ग से प्रवेश करने वाले यात्रियों की प्रोफाइलिंग के दौरान नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने काठमांडू में थाई गांजे के साथ म्यांमार की एक महिला को गिरफ्तार किया। इसके बाद गोरखपुर के दो भारतीय नागरिकों को भी गिरफ्तार किया गया।

सोनौली, हिन्दुस्तान संवाद। नेपाल में हवाई मार्ग से प्रवेश करने वाले यात्रियों की प्रोफाइलिंग के दौरान नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की गौचरन शाखा की टीम ने काठमांडू में थाई गांजे के साथ म्यांमार की एक महिला को गिरफ्तार किया। बाद में मामले की जांच के दौरान गोरखपुर के रहने वाले दो भारतीय नागरिकों को भी गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी की जानकारी
एनसीबी के अनुसार म्यांमार की नागरिक जिन जिन फ्यो (29) को काठमांडू के सोहराखुट्टे स्थित वार्ड नंबर 16 के एक होटल से पकड़ा गया। उसके पास मौजूद सूटकेस की तलाशी लेने पर थाईलैंड का गांजा बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि जिन जिन फ्यो सिंगापुर में बढ़ई का काम करती थी। वह सिंगापुर से वियतनाम पहुंची, जहां कथित तौर पर उसे एक म्यांमार नागरिक ने गांजे से भरा सूटकेस दिया। इसके बाद वह कैथे पैसिफिक एयरवेज से वियतनाम से हांगकांग होते हुए काठमांडू पहुंची और सोहराखुट्टे के एक होटल में ठहरी।
स्थानीय नागरिकों का संदिग्ध व्यवहार
जांच आगे बढ़ने पर एनसीबी टीम को गोरखपुर निवासी बरकतुल्लाह (30) और यूसुफ खान (25) के बारे में जानकारी मिली। ब्यूरो के अनुसार दोनों गांजे से भरा सूटकेस लेने के लिए गोरखपुर से काठमांडू पहुंचे थे और उसी होटल के कमरे में गए, जहां जिन जिन फ्यो ठारी हुई थी। इसके बाद एनसीबी टीम ने दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के प्रवक्ता एवं सूचना अधिकारी एसपी दुर्गा राज रेग्मी के अनुसार मामले में आगे की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।


