नेपाल की उद्योग मंत्री गौरी कुमारी यादव ने इस्तीफा दिया
हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
नेपाल की उद्योग, वाणिज्य एवं आपूर्ति मंत्री गौरी कुमारी यादव ने एलपीजी की कमी के बीच विवादित टिप्पणी के बाद प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह को अपना इस्तीफा सौंपा। उन्होंने कहा कि उद्योगपतियों के खिलाफ कार्रवाई के बिना गैस की आपूर्ति में सुधार संभव नहीं है। यह टिप्पणी संकट के समय आई है।

काठमांडू, एजेंसी। नेपाल की उद्योग, वाणिज्य एवं आपूर्ति मंत्री गौरी कुमारी यादव ने एलपीजी की कमी के बीच गैस कारोबारियों को लेकर विवादित टिप्पणी के बाद गुरुवार को इस्तीफा दे दिया। यादव ने अपना इस्तीफा प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह को सौंपा। उनकी सचिवालय की ओर से यह जानकारी दी गई। यादव ने बुधवार को एक संसदीय समिति की बैठक में गैस कारोबारियों को लेकर टिप्पणी की थी, जिसके बाद विवाद खड़ा हो गया। उन्होंने कहा था कि उद्योगपतियों के खिलाफ कार्रवाई किए बिना एलपीजी की आपूर्ति में सुधार नहीं होगा। उनकी टिप्पणी ऐसे समय आई जब देश में रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर चिंता बनी हुई है और सरकार से संकट से निपटने के तरीके पर सवाल पूछे जा रहे थे।


