कुशीनगर में नेपाल से बहकर आए चार शव नेपाल पुलिस को सौंपे गए
नेपाल में आई भीषण जल प्रलय के बाद नारायणी नदी में बहकर कुशीनगर जनपद के खड्डा थाना क्षेत्र में पहुंचे चार शवों को मंगलवार को नेपाल पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया। इसमें तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल थे। अधिकारियों ने शवों की पहचान और सुपुर्दगी की प्रक्रिया को पूरी सतर्कता से पूरा किया।
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। नेपाल में आई भीषण जल प्रलय के बाद नारायणी नदी में बहकर कुशीनगर जनपद के खड्डा थाना क्षेत्र में पहुंचे चार शवों को मंगलवार को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद नेपाल पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया। बरामद शवों में तीन महिलाओं एवं एक पुरुष का शव शामिल थे। कुशीनगर जिले के नारायणी नदी के ठोकर नंबर-3 स्थित मदनपुर सुकरौली क्षेत्र में नेपाल की ओर से बहकर आए इन चार शवों की बरामदगी के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की। इसके बाद मंगलवार को निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत सभी शव नेपाल पुलिस को सौंप दिए गए, ताकि वहां नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके。
शवों की सुपुर्दगी
शवों की सुपुर्दगी के दौरान भारत एवं नेपाल के अधिकारियों की मौजूदगी रही। नेपाल पुलिस की ओर से महेशपुर प्रहरी के इंस्पेक्टर सुबराज बोम मौजूद रहे। वहीं कुशीनगर के अतिरिक्त मजिस्ट्रेट/एसडीएम विवेक शील, एसआई केशनाथ यादव, खड्डा थाना के एसएसआई गंगाराम यादव, एसएसबी के असिस्टेंट कमांडेंट हेमंत कुमार एवं ठूठीबारी थानाध्यक्ष अमित सिंह मौके पर मौजूद रहे।
प्राकृतिक आपदा के कारण
अधिकारियों के अनुसार नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा के बाद नारायणी नदी के तेज बहाव में कई लोगों के बहने की आशंका है। ऐसे में सीमावर्ती क्षेत्र में नदी के बहाव के साथ आ रहे शवों की पहचान और सुपुर्दगी की प्रक्रिया को पूरी सतर्कता के साथ पूरा किया जा रहा है। चारों शवों को नेपाल पुलिस अपने साथ ले गई है, जहां आगे की फॉरेंसिक कार्रवाई की जाएगी।


